कनॉट प्लेस में CJP के तिरंगा मार्च पर रोक लगाने की मांग, व्यापारी संघ का दावा- 10 अक्टूबर को 2000 करोड़ का नुकसान
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कनॉट प्लेस में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित तिरंगा मार्च पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर प्रदर्शन की अनुमति नहीं देने की अपील की है।
ब्रजेश गोयल का कहना है कि CJP के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली के करीब 20 लाख व्यापारियों में चिंता है। उन्होंने दावा किया कि 10 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन के कारण कारोबार को करीब 2,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। व्यापारियों को आशंका है कि एक बार फिर प्रदर्शन होने से कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में कारोबार प्रभावित हो सकता है।
दरअसल, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बुधवार को एक वीडियो जारी कर लोगों से 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस पहुंचने की अपील की है। पार्टी गुरुवार को इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेगी।
CJP मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। 12 अक्टूबर को सरकार ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों की सूची से हटा दिया था। इसके बाद CJP ने कनॉट प्लेस में तिरंगा मार्च आयोजित करने का ऐलान किया।
कनॉट प्लेस में प्रदर्शन के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका
CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को रोकने की मांग वाली याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट गुरुवार को सुनवाई करने के लिए तैयार हो गया है। मामले को तत्काल सुनवाई के लिए अदालत के समक्ष रखा
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ वकील सचिन पुरी ने अदालत को बताया कि प्रदर्शन कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में आयोजित करने की योजना है। इससे इलाके में यातायात और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। उन्होंने दशहरा सप्ताहांत का हवाला देते हुए प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की।
फिलहाल, कनॉट प्लेस में CJP के तिरंगा मार्च को लेकर व्यापारियों की चिंता, प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग और हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।







