रिहायशी इलाके से बरामद हुए विस्फोटक, कोलकाता पुलिस ने एक को हिरासत में लिया, फरार संदिग्ध की तलाश तेज
Kolkata: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में एक रिहायशी इमारत से विस्फोटक सामग्री बरामद होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि मामले का मुख्य संदिग्ध फरार बताया जा रहा है. पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी के दौरान मकान से विस्फोटक सामग्री बरामद की गई. बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से जब्त किया और जांच शुरू कर दी है. गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घनी आबादी वाले इस रिहायशी इलाके के निवासियों में दहशत फैल गयी है. पुलिस को प्राथमिक जांच में संदेह है कि यह विस्फोट देसी बम बनाने वाली सामग्रियों के कारण हुआ है.
पुलिस ने शनिवार (18 जुलाई) को कार्रवाई करते हुए एक स्थानीय व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. इस मामले का मुख्य संदिग्ध मोहम्मद शमीम उर्फ सलीम फिलहाल फरार है. वह उत्तर 24 परगना जिले के कमरहट्टी का रहने वाला बताया जा रहा है.
शुक्रवार शाम को हुए इस विस्फोट की जांच के लिए शनिवार सुबह पश्चिम बंगाल अग्निशमन सेवा, राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) के जवान घटना स्थल पर पहुंचे और पूरे परिसर की सघन तलाशी ली. सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे इलाके को घेर लिया गया है. मामले की गंभीरता और विस्फोटकों की बरामदगी को देखते हुए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) की एक टीम भी जल्द ही घटनास्थल का दौरा कर जांच अपने हाथ में ले सकती है.
इमारत से मिले 2 बम
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मौके से 2 बम बरामद हुए हैं. इन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्क्रिय किया जायेगा. इसके साथ ही घटनास्थल से कई फटे हुए देसी बमों के अवशेष और भारी मात्रा में विस्फोटक बनाने के काम में आने वाली कच्ची सामग्री भी जब्त की गयी है.
BJP कनेक्शन का दावा
जिस 3 मंजिली इमारत में विस्फोट हुआ, उसके मालिक जुल्फिकार अंसारी ने बताया कि फरार संदिग्ध सलीम ने हाल ही में एक स्थानीय बिचौलिये के जरिये कमरा किराये पर लेने के लिए संपर्क किया था. अंसारी के मुताबिक, अभी तक कोई लिखित किरायानामा (Rent Agreement) तैयार नहीं हुआ था और न ही पुलिस वेरिफिकेशन हुआ था, लेकिन कमरे की साफ-सफाई के नाम पर सलीम ने चाबी ली थी.
मकान मालिक ने दावा किया कि किरायेदार को सोमवार से शिफ्ट होना था. उसे स्थानीय बिचौलिये शहंशाह ने उसके पास भेजा था, जो भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़ा है. औपचारिकताओं के पूरा होने से पहले ही यह हादसा हो गया. पुलिस ने फरार संदिग्ध सलीम का पता लगाने के लिए बिचौलिये शहंशाह को हिरासत में ले लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है.
इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को एक सुराग हाथ लगा है. फुटेज में दिख रहा है कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे एक स्थानीय युवक ने उस कमरे के भीतर सफेद रंग का जूट का बैग रखा था, जिसे किराये पर दिया जाना था. बैग रखने के महज कुछ ही मिनटों बाद कमरे में जोरदार धमाका हो गया.
पुलिस ने जब उस युवक को पकड़कर पूछताछ की, तो उसने बताया कि वह पूरी तरह बेकसूर है. युवक ने दावा किया कि फरार आरोपी सलीम ने ही उसे कमरे की चाबी और जूट का बैग सौंपते हुए कहा था कि इसमें खाने-पीने का सामान है और इसे अंदर रख दे. पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स के जरिये सलीम की सरगर्मी से तलाश कर रही है.







