सोशल मीडिया पर फिल्मी स्टाइल पड़ा भारी, हनीमून पर पकड़ी गई महिला लुटेरी
Meerut UP: सोशल मीडिया पर खुद को बेखौफ दिखाकर पुलिस को चुनौती देना एक महिला लुटेरी को भारी पड़ गया. इंस्टाग्राम पर फिल्मी अंदाज में वीडियो और पोस्ट डालकर पुलिस को खुली चुनौती देने वाली इस महिला को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तारी उस वक्त हुई, जब आरोपी महिला अपने पति के साथ हनीमून पर गई हुई थी.
![]()
पुलिस के अनुसार, महिला पर लूट और ठगी के कई मामले दर्ज थे। वह वारदात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर वीडियो और तस्वीरें पोस्ट कर पुलिस को तंज कसती थी और खुद को कानून से ऊपर दिखाने की कोशिश करती थी. इन पोस्ट्स के जरिए वह अपनी पहचान छुपाने के बजाय और ज्यादा सुर्खियों में आ गई.
मेरठ के सरधना क्षेत्र में पेटीएम कंपनी के टीम लीडर से लूट के मामले में फरार चल रही आरोपी ज्योति चौधरी को मेरठ पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया. सबसे दिलचस्प बात यह रही कि शादी के बाद पति के साथ हनीमून मनाने गई थी. हनीमून के दौरान आरोपी लगातार इंस्टाग्राम पर रील और पोस्ट शेयर करती रही. यही सोशल मीडिया गतिविधियां उसकी गिरफ्तारी की सबसे बड़ी वजह बन गईं.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ज्योति चौधरी लूट की वारदात के बाद से लगातार फरार थी. उसकी तलाश में कई टीमें लगी थीं, लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लग रही थी. इसी बीच उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पुलिस को चुनौती देते हुए कहा था, “शाका मारा जा सकता है, लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता.” वीडियो तेजी से वायरल हुआ, लेकिन यही चुनौती उसके लिए भारी पड़ गई.
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि किठौर थाना क्षेत्र के गांव छुछाई निवासी ज्योति चौधरी की शादी 23 जून को मोहित नागर से हुई थी. शादी के बाद दोनों हरिद्वार घूमने पहुंचे थे. फरारी के दौरान भी ज्योति इंस्टाग्राम पर लगातार सक्रिय रही. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और शनिवार सुबह हरिद्वार में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस जांच में सामने आया है कि ज्योति की पहले बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट निवासी सुनील उर्फ नीतू से शादी हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि वह पहले रागनी कार्यक्रमों में डांसर के रूप में काम करती थी. पुलिस का दावा है कि महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए वह अपने वर्तमान पति के साथ लूट और चोरी जैसी वारदातों में शामिल हो गई.
12 जून को पेटीएम टीम लीडर को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार, 12 जून की रात मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी आकाश शर्मा, जो पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के टीम लीडर हैं, बाइक से घर लौट रहे थे. सरधना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग स्थित पाली पुल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया. बदमाशों ने मारपीट कर उनकी बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया. पीड़ित ने पुलिस को बताया था कि वारदात में एक युवती भी शामिल थी.
इस लूटकांड में सरधना पुलिस पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर चुकी है. अब ज्योति चौधरी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे गिरोह की गतिविधियों, अन्य संभावित वारदातों और उससे जुड़े नेटवर्क की जांच में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर दिखावे और चुनौती देने की कोशिश आखिरकार आरोपी के लिए ही सबसे बड़ी गलती साबित हुई. जिस इंस्टाग्राम पर वह बेखौफ होकर वीडियो पोस्ट कर रही थी, उसी ने उसकी लोकेशन उजागर कर दी और पुलिस उसे हरिद्वार से गिरफ्तार करने में सफल रही.







