Newshaat_Logo

महाकाल मंदिर में दर्शन के दौरान मची भगदड़, नागचंद्रेश्वर मंदिर के पास 6 श्रद्धालु घायल; भीड़ के दबाव से हरसिद्धि में 13 बीमार

Ujjain: उज्जैन में महाकाल परिसर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जिसमें छह श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर है. वहीं, हरसिद्धि मंदिर में भी 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई. घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने स्थिति संभाली.
 
UJJAIN

Ujjain: महाकाल मंदिर परिसर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर में सोमवार सुबह दर्शन के लिए लगी कतार में करंट फैलने की अफवाह के बाद अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। नीलकंठ द्वार के पास हुई इस घटना में करीब छह श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। वहीं, हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई।

उज्जैन के नागचंद्रेश्वर मंदिर में करंट की अफवाह के बाद भगदड़, कई घायल... महाकाल  मंदिर के ऊपर है ये मंदिर

घटना के बाद घायल और अस्वस्थ श्रद्धालुओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ श्रद्धालुओं को उपचार के लिए चरक अस्पताल भी ले जाया गया।

करंट की अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी थी। इसी दौरान कतार में करंट फैलने की अफवाह फैल गई। इसके बाद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

नीलकंठ द्वार के पास भगदड़ जैसी स्थिति बनने से कई श्रद्धालु गिर पड़े और कुछ को चोटें आईं। कुछ देर के लिए दर्शन व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

उज्जैन के नागचंद्रेश्वर मंदिर में करंट की अफवाह से मची अफरा-तफरी, भगदड़  जैसे हालात में 13 श्रद्धालु घायल - Hello UP

बैरिकेड से टकराने पर श्रद्धालु के पैरों में गंभीर चोट

भगदड़ जैसी स्थिति के दौरान बैरिकेड से टकराने के कारण हरिश्चंद्र, निवासी सिलवासा, वापी (गुजरात), के पैरों में गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। अन्य घायल श्रद्धालुओं का भी अस्पताल में उपचार किया गया।

घायलों में उज्जैन, ग्वालियर, बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से आए श्रद्धालु शामिल बताए गए हैं।

हरसिद्धि मंदिर के पास भी बिगड़ी 13 श्रद्धालुओं की तबीयत

नागचंद्रेश्वर मंदिर की घटना के अलावा हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले क्षेत्र में भीड़ का दबाव बढ़ने से 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई।

बताया गया कि धक्का-मुक्की और भीड़ के दबाव के कारण कुछ श्रद्धालुओं को परेशानी हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा।

ग्वालियर के श्रद्धालु ने बताई धक्का-मुक्की की स्थिति

ग्वालियर से नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन करने आए सुरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि वह अपनी भतीजी सोनम राणा के साथ उज्जैन पहुंचे थे और रात से ही दर्शन के लिए कतार में लगे थे।

उनका आरोप है कि आम श्रद्धालुओं को बार-बार रोका जा रहा था और अचानक श्रद्धालुओं को आगे बढ़ाए जाने पर कुछ समय के लिए धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। उनके मुताबिक, इस दौरान कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

सुरेंद्र सिंह के अनुसार, मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर प्रभावित श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाया।

श्रद्धालु के बैरिकेड के नीचे आने का दावा

अस्पताल में भर्ती एक श्रद्धालु की मां मीनू ने बताया कि उनका बेटा नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था। उनके अनुसार, हरसिद्धि चौराहे के पास वह बैरिकेड के नीचे आ गया और इसी दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

उन्होंने दावा किया कि उस समय किसी ने तत्काल मदद नहीं की और एक व्यक्ति ने उसे उठाकर अस्पताल तक पहुंचाने में मदद की।

पुलिस-प्रशासन ने संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। सुरक्षाकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित किया और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित करने का प्रयास किया।

फिलहाल दर्शन व्यवस्था को सुचारू बताया जा रहा है। प्रशासन की ओर से भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।

घटना के दौरान करंट फैलने की अफवाह की पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों का इलाज और मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित रखना है।