पंचतत्व में विलीन हुये पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, नम आँखों से देश ने दी विदाई
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का शनिवार को दिल्ली के निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी पार्थिव देह को सेना की तोपगाड़ी पर घाट लाया गया, जहां तीनों सेनाओं ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी की गईं।
डॉ. सिंह के परिवार में पत्नी गुरशरण कौर और तीन बेटियां—उपिंदर सिंह (65), दमन सिंह (61) और अमृत सिंह (58)—इस मौके पर मौजूद रहीं। बेटी ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान डॉ. सिंह की पहचान बन चुकी नीली पगड़ी उनके सिर पर सजी रही। यह रंग उन्होंने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के सम्मान में अपनी पगड़ी का सिग्नेचर कलर बनाया था।
डॉ. सिंह के अंतिम संस्कार में सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य बड़े नेता उपस्थित रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उनकी पार्थिव देह को सुबह 9:30 बजे उनके आवास से कांग्रेस मुख्यालय लाया गया था, जहां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें राहुल गांधी भी पार्थिव शरीर के साथ मौजूद रहे।
निगम बोध घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को सलामी दी गई।
— Congress (@INCIndia) December 28, 2024
📍 नई दिल्ली pic.twitter.com/Hyb5PW2obF
गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात निधन हो गया था। वे 92 साल के थे। वे लंबे समय से बीमार थे। घर पर बेहोश होने के बाद उन्हें रात 8:06 बजे दिल्ली AIIMS लाया गया था। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली