Newshaat_Logo

गोरखपुर की घटना से इलाके में सनसनी, घर में आग लगाकर युवक ने दी जान

गोरखपुर में पारिवारिक कलह से जुड़ी एक दर्दनाक घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि घरेलू तनाव से परेशान एक युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी और इस घटना में उसकी जान चली गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित टीम मौके पर पहुंची. मामले की जांच की जा रही है.
 
UP

Gorakhpur:  उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पारिवारिक तनाव के बीच एक युवक की जान चली गई। गुलरिहा थाना क्षेत्र में बुधवार को अरविंद निषाद ने कथित तौर पर खुद को कमरे में बंद कर आग लगा ली। कमरे से धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।

कमरे से उठने लगा धुआं, मौके पर जुटे लोग

मिली जानकारी के अनुसार, अरविंद निषाद पारिवारिक कलह को लेकर परेशान था। बुधवार को विवाद और तनाव के बीच उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। कुछ देर बाद कमरे से धुआं निकलने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। घटना का पता चलते ही आसपास के लोग वहां जमा हो गए। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने की जांच

घटना की सूचना मिलने पर गुलरिहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए फील्ड यूनिट तथा फॉरेंसिक टीम को बुलाया। विशेषज्ञों ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए, ताकि घटना की परिस्थितियों को समझा जा सके।

आत्मघाती कदम के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस

क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ राजीव सिंह के मुताबिक, घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के साथ जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और पारिवारिक विवाद की असल वजह क्या थी। मामले की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।