Newshaat_Logo

गोरखपुर को कल मिलेगी 995 करोड़ की विकास सौगात, CM योगी करेंगे सिक्सलेन फ्लाईओवर समेत 4 परियोजनाओं का लोकार्पण

 
गोरखपुर को कल मिलेगी 995 करोड़ की विकास सौगात, CM योगी करेंगे सिक्सलेन फ्लाईओवर समेत 4 परियोजनाओं का लोकार्पण

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल गोरखपुर को करीब 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर शहर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर के पास आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही 181.77 करोड़ रुपये की 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सबसे प्रमुख आकर्षण 2.6 किलोमीटर लंबे गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण होगा। इस फ्लाईओवर के शुरू होने से शहर में यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज के साथ बिहार और नेपाल की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी जाम से राहत मिलने की संभावना है।

इसके अलावा पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक सड़क के फोरलेन चौड़ीकरण का कार्य भी जनता को समर्पित किया जाएगा। माना जा रहा है कि इससे शहर की आंतरिक यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी।

इन परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री टीपीनगर-पैडलेगंज मार्ग पर सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे, जिसे देवरिया बाईपास तिराहे से भी जोड़ा गया है। इस परियोजना की लागत करीब 429.49 करोड़ रुपये है। वहीं, पैडलेगंज से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण पर करीब 277.77 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

इसके अलावा एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग पर करीब 103.51 करोड़ रुपये और गुलरिहा थाने में 48 क्षमता वाले हॉस्टल-बैरक एवं विवेचना कक्ष के निर्माण पर करीब 2.74 करोड़ रुपये की लागत आई है।

10 नई परियोजनाओं की रखी जाएगी आधारशिला

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट मार्ग पर लेवल क्रॉसिंग के लिए अंडरपास और सर्विस रोड का निर्माण प्रमुख है। इस परियोजना पर करीब 73.64 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

महिला सशक्तिकरण के तहत मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिसकी लागत करीब 47.38 करोड़ रुपये है। वहीं, राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत विश्वविद्यालय चौक के पास साइंस म्यूजियम बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 49.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी विकसित किया जाएगा। इसके निर्माण की लागत करीब 7.06 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।

इसके अलावा राप्तीनगर स्थित डिपो कार्यशाला के टायर शॉप का उच्चीकरण, पवन विहार, गिरधरगंज और लच्छीपुर समेत विभिन्न वार्डों में सीसी रोड तथा सड़क-नाली निर्माण से जुड़ी योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

इन परियोजनाओं के जरिए गोरखपुर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने और शिक्षा एवं विज्ञान से जुड़े संसाधनों के विकास पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को शहर के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।