Newshaat_Logo

यूपी में ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती का रिजल्ट जारी, 1468 पदों पर चयन; जानें किस वर्ग की कितनी रही कटऑफ

 
यूपी में ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती का रिजल्ट जारी, 1468 पदों पर चयन; जानें किस वर्ग की कितनी रही कटऑफ

UP News: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने ग्राम पंचायत अधिकारी मुख्य परीक्षा-2023 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने कुल 1,468 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की सूची के साथ श्रेणीवार अंतिम कटऑफ भी घोषित की है।

1468 पदों पर हुआ अंतिम चयन

जारी परिणाम के मुताबिक कुल चयनित अभ्यर्थियों में 849 अनारक्षित, 356 अनुसूचित जाति (SC), 139 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 117 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और 7 अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग से हैं। चयन प्रक्रिया में क्षैतिज आरक्षण के तहत विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थियों को भी स्थान दिया गया है। कुल चयनित अभ्यर्थियों में 270 महिलाएं शामिल हैं।

अनारक्षित और OBC की कटऑफ 68.25 अंक

आयोग की ओर से जारी अंतिम कटऑफ में अनारक्षित और OBC वर्ग के लिए 68.25 अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं EWS वर्ग की कटऑफ 65.75, SC की 57.75 और ST वर्ग की 54.50 अंक रही।

क्षैतिज आरक्षण की बात करें तो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित वर्ग की कटऑफ 60 अंक, महिला वर्ग की 60.25 अंक, दिव्यांगजन एलवी की 57, एचएच की 48 और भूतपूर्व सैनिक वर्ग की 55.50 अंक रही।

परीक्षा और अभिलेख परीक्षण के बाद जारी हुआ परिणाम

ग्राम पंचायत अधिकारी के रिक्त पदों को भरने के लिए आयोग ने ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। लिखित परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण किया गया और इसी प्रक्रिया के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई।

आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों की अनुक्रमांकवार सूची और श्रेणीवार कटऑफ जारी कर दी है। परिणाम घोषित होने के बाद लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिली है।