Newshaat_Logo

राहुल गांधी पर हर्ष मल्होत्रा का बड़ा हमला, बोले- ‘अराजकता और दोगलेपन के पोस्टर बॉय बन गए हैं’; संसद में बहस की दी चुनौती

 
राहुल गांधी पर हर्ष मल्होत्रा का बड़ा हमला, बोले- ‘अराजकता और दोगलेपन के पोस्टर बॉय बन गए हैं’; संसद में बहस की दी चुनौती

New Delhi: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मल्होत्रा ने राहुल गांधी और विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष को हर मुद्दे पर संसद में चर्चा करनी चाहिए, लेकिन सदन को बाधित नहीं करना चाहिए।

मल्होत्रा ने झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी जिस तरह मुखर नजर आए, वहीं झारखंड में छात्र आंदोलन के खिलाफ हुई कार्रवाई ने कांग्रेस के रवैये पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

‘राहुल गांधी सामने आएं और बताएं…’

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि वे सामने आकर बताएं कि कांग्रेस के सहयोग से चल रही हेमंत सोरेन सरकार को लेकर पार्टी का रुख क्या है। उन्होंने सवाल किया कि झारखंड में छात्रों पर हुई कार्रवाई कांग्रेस की सहमति से हुई या नहीं।

मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी युवाओं के मुद्दों को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा देश का भविष्य हैं और उनके मुद्दों पर राजनीति के बजाय गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए।

‘संसद चर्चा का संवैधानिक मंच’

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि संसद देश के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा का संवैधानिक मंच है। उनके मुताबिक विपक्ष को संसद में अपनी बात रखने और सरकार से सवाल पूछने का पूरा अधिकार है, लेकिन सदन की कार्यवाही बाधित करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के हित में नहीं है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संविधान की बात करते हैं, लेकिन संसद में चर्चा से दूर रहकर उसकी कार्यप्रणाली को प्रभावित कर रहे हैं।

NEET और छात्र आंदोलन का भी किया जिक्र

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मल्होत्रा ने दिल्ली में हुए छात्र आंदोलनों और NEET परीक्षा से जुड़े विवाद का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों ने युवाओं के मुद्दों के जरिए माहौल को राजनीतिक रूप देने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लिया और वरिष्ठ मंत्रियों के स्तर पर छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत की। साथ ही, परीक्षा में पेपर लीक जैसी गड़बड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए कानून लाए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया।

‘2029 में Gen Z देगी जवाब’

हर्ष मल्होत्रा ने अपने बयान के अंत में राहुल गांधी और विपक्ष को 2029 के चुनाव को लेकर भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष जिस रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं, उसका जवाब आने वाले चुनाव में मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि 2029 में Gen Z राजनीतिक बदलाव का माध्यम बनेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने किया। इस दौरान प्रदेश मंत्री गौरव खारी, युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी, मीडिया रिलेशन प्रमुख शुभेंदू शेखर अवस्थी और भाजपा प्रवक्ता यासिर जिलानी भी मौजूद रहे।