यूपी-बिहार में झमाझम बारिश का अलर्ट, वहीं दिल्ली-राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर..मौसम विभाग ने जारी किया बड़ा अपडेट...
State Weather Alert: देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. एक तरफ उत्तर प्रदेश और बिहार समेत पूर्वी भारत के कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी का दौर शुरू होने वाला है, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली, राजस्थान और उत्तर-पश्चिम भारत भीषण गर्मी की चपेट में रहने वाले हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग ने 7 मई से 12 मई के बीच देश के कई राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है. उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत में बदलते मौसम के कारण आंधी-तूफान, भारी बारिश और तेज हवाएं चलने के साथ-साथ तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो सकती है.
IMD के अनुसार, आने वाले दिनों में कम से कम 13 राज्यों में मौसम खराब रहने की आशंका है. उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि दक्षिण और पूर्वोत्तर (नॉरथ-ईस्ट) राज्यों में बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और आंधी आ सकती है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार इससे भी ज्यादा होने की संभावना है. वहीं, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. असम और मेघालय में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
यूपी-बिहार में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और आसपास के इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. कई जिलों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन तेज आंधी और वज्रपात किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों के लिए परेशानी बढ़ा सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है.

दिल्ली-राजस्थान में हीटवेव का खतरा
वहीं राजधानी दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में कई इलाकों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. राजस्थान के पश्चिमी जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है. दिल्ली में भी दिन के समय गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ाएंगी. स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.

किसानों और आम लोगों पर असर
बारिश और तेज गर्मी के इस दोहरे असर का सबसे ज्यादा प्रभाव किसानों और दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों पर पड़ सकता है। जहां बारिश फसलों को फायदा पहुंचा सकती है, वहीं तेज हवाएं और ओलावृष्टि नुकसान भी पहुंचा सकती हैं। दूसरी ओर हीटवेव से बिजली की मांग और पानी की खपत बढ़ने की संभावना है
अगले सात दिनों के मौसम का हाल
आईएमडी वैज्ञानिक डॉ. नरेश ने बताया कि फिलहाल उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य से नीचे है, लेकिन धीरे-धीरे गर्मी और लू का असर बढ़ सकता है. उन्होंने ईटीवी भारत को बताया कि राजस्थान के कुछ हिस्सों को छोड़कर, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले सात दिनों तक बहुत भीषण लू चलने की आशंका नहीं है. हालांकि, पश्चिमी राजस्थान में अगले तीन से चार दिनों के बाद तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
उन्होंने आगे कहा कि 10 मई से एक नया 'पश्चिमी विक्षोभ' उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा. 10 मई की रात से जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश शुरू हो सकती है. फिर 11 से 13 मई के बीच बारिश का यह सिलसिला जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और राजस्थान तक फैल जाएगा. इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश हो सकती है.

राजस्थान में भीषण गर्मी की आहट
पश्चिमी राजस्थान में तापमान में भारी बढ़ोत्तरी होने की आशंका है, जबकि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश जारी रह सकती है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 9 मई के आसपास जैसलमेर, फलोदी और बाड़मेर जैसे शहरों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है. इसके साथ ही, IMD ने 9 मई से 12 मई के बीच गुजरात के तटीय इलाकों में भी लू चलने की चेतावनी जारी की है.
यूपी के 40 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले कुछ दिनों के लिए उत्तर प्रदेश के कम से कम 40 जिलों में भारी बारिश और गरज के साथ तूफान का अलर्ट जारी किया है. लखनऊ, बरेली, आगरा, अयोध्या, गोरखपुर, सीतापुर, बहराइच, बलिया और गाजीपुर सहित कई जिलों में बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. कानपुर में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है, जबकि लखनऊ में बादल छाए रहने और हल्की बौछारें पड़ने के आसार हैं.
मौसम अधिकारियों का कहना है कि इस बारिश से तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिलेगी. हालांकि, अधिकारियों ने निचले इलाकों में जलभराव और अचानक मौसम बदलने से फसलों को नुकसान होने की चेतावनी दी है, खासकर पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में.

बिहार में ओले गिरने की आशंका
बिहार के पटना और गया जैसे शहरों में आने वाले दिनों में तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हाल ही में राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में बारिश लाने वाला पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर होकर पूर्व की ओर बढ़ गया है, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम फिलहाल थोड़ा शांत है.
हालांकि, सैटेलाइट तस्वीरों से पता चलता है कि राजस्थान और पंजाब से बादलों की आवाजाही कम हो रही है, जो एक नए वेदर सिस्टम के आने से पहले का एक छोटा सा ठहराव है.
स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा है कि बारिश का अगला दौर आने से पहले तापमान में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा, "मौसम साफ हो रहा है. तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है. 11 से 13 मई के बीच हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जिसके बाद फिर से गर्मी के हालात लौट आएंगे."
क्या कहते हैं जानकार
टेरी (TERI) यूनिवर्सिटी के जलवायु विशेषज्ञ प्रोफेसर एस.एन. मिश्रा ने कहा कि लगातार कमजोर से मध्यम पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में उत्तर-पश्चिम और उत्तर भारत को प्रभावित कर रहे हैं. उन्होंने बताया, "ये सिस्टम बारिश और मानसून-पूर्व आंधी-तूफान ला रहे हैं. उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इस तरह के तूफान और आंधियां आती रहेंगी, जो इस मौसम के लिए काफी सामान्य हैं."
उन्होंने यह भी कहा कि मौसम के इन बदलावों के बावजूद मानसून की गति पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने बताया, "जून के आखिरी हफ्ते में मानसून के दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है. 15 मई से गर्मी धीरे-धीरे बढ़ना शुरू होगी और मई के बाकी दिनों और जून में भीषण गर्मी का असर रहने की संभावना है. "गुरुवार, 7 मई, 2026 को पश्चिम बंगाल के नादिया ज़िले में भारी बारिश के दौरान पानी भरी सड़क से ढेला चलाता आदमी. (PTI)







