हथियार लेकर कैसे डिनर हॉल में घुसा हमलावर? ट्रंप ने सोशल मीडिया पर शेयर किया तस्वीर
News Haat Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को व्हाइट हाउस के रिपोर्टर्स के डिनर में हुई फायरिंग की घटना के बाद हिरासत में लिए गए शूटर की पहली तस्वीर शेयर की। उन्होंने शूटर का एक वीडियो भी शेयर किया है। डिनर में फायरिंग करने वाले हमलावर की पहली तस्वीर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर शेयर की है। साथ ही उन्होंने हमलावर का वीडियो भी शेयर किया है जिसमें वह तेजी के साथ फायरिंग करता हुआ होटल के अंदर दाखिल करने की कोशिश करता है। ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी हमलावर के बारे में जानकारी शेयर की।
डोनाल्ड ट्रंप ने जो वीडियो शेयर किया है उसमें साफ तौर पर दिख रहा है कि कैसे हमलावर तेजी से सुरक्षा घेरे को तोड़ता हुआ अंदर दाखिल होने की कोशिश करता है। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी हमलावर को रोकने की कोशिश करते हैं। सुरक्षाकर्मी जवाबी फायरिंग करते हुए भी नजर आते हैं। वहीं ट्रंप ने हमलावर को काबू में किए जाने के बाद की तस्वीर भी शेयर की है। इस तस्वीर में हमलावर को जमीन पर लेटे हुए दिखाया गया है, उसके दोनों हाथ बंधे हुए हैं।
फायरिंग की घटना के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जहां सीक्रेट सर्विस और सुरक्षकर्मियों की तारीफ की वहीं उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति वेंस और अन्य कैबिनेट के सदस्य पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि हमलावर को पकड़ लिया गया है। हमलावर का नाम कोल टॉमन एलन है और उसकी उम्र 31 साल बताई जा रही है। वह कैलिफोर्निया के टॉरेंस का रहने वाला है। ट्रंप ने बताया कि हमलावर मल्टीपल हथियारों से लैस था लेकिन हमारे सुरक्षाकर्मियों ने बहादुरी का परिचय देते हुए उसे काबू में कर लिया।
राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सिक्योरिटी की चिंता के बावजूद वे इवेंट जारी रखने के लिए पक्के इरादे वाले हैं, और कहा कि उन्होंने डिनर जारी रखने के लिए बहुत कोशिश की। उन्होंने कहा कि वे “इन बीमार लोगों, गुंडों, बुरे लोगों” को इवेंट का रुख बदलने की इजाज़त नहीं देंगे।
ऐसी घटनाओं के बड़े पैटर्न पर ट्रंप ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब किसी रिपब्लिकन पर हमला हुआ है। उन्होंने कहा कि जाने-माने लोगों को अक्सर निशाना बनाया जाता है। उन्होंने आगे कहा, “मैंने हत्याओं की स्टडी की है, जो लोग सबसे ज़्यादा करते हैं, सबसे ज़्यादा असर डालते हैं, उन्हीं के पीछे पड़ते हैं।”







