नैरोबी में गुजरात के प्रतिनिधिमंडल से मिले भारतीय उच्चायुक्त, वाइब्रेंट गुजरात समिट के लिए निवेशकों को किया आमंत्रित
नैरोबी स्थित भारतीय उच्चायोग में आज गुजरात के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय उच्चायुक्त से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुजरात के शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव मिलिंद तोरवणे ने किया। मुलाकात के दौरान 11वें वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट को लेकर चर्चा हुई।
गुजरात का यह प्रतिनिधिमंडल आगामी समिट के प्रचार-प्रसार और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से नैरोबी में आयोजित रोड शो में हिस्सा लेने पहुंचा है। 11वां वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 10 से 12 जनवरी 2027 तक गुजरात की राजधानी गांधीनगर में आयोजित किया जाएगा।
इस समिट का उद्देश्य गुजरात में निवेश की संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना और विभिन्न देशों के निवेशकों, उद्योगपतियों तथा सरकारी प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाना है। वर्ष 2003 में शुरू हुआ वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट आज राज्य के प्रमुख निवेश आयोजनों में शामिल हो चुका है।
इस आयोजन के जरिए गुजरात सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापारिक साझेदारी, औद्योगिक विकास और निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देती है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में 34 देशों ने भागीदार के रूप में हिस्सा लिया था। इस दौरान 300 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के प्रस्तावित निवेश से संबंधित समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए थे।
नैरोबी में आयोजित यह रोड शो आगामी समिट के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग और निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।







