नेपाल को भारत का 24,000 करोड़ का तोहफा! PM मोदी ने बालेन शाह के सामने किया बड़ा ऐलान
India-Nepal: भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती देने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा ऐलान किया है। नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों के पुनर्वास और देश के दीर्घकालिक विकास के लिए भारत की ओर से 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की गई है। सोमवार को हैदराबाद हाउस में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद पीएम मोदी ने यह घोषणा की।

बाढ़ प्रभावित नेपाल की मदद करेगा भारत
संयुक्त प्रेसवार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर गहरी संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में भारत नेपाल के साथ खड़ा है। घोषित पैकेज का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों को दोबारा सामान्य जीवन में लौटने में मदद करना, नए अवसर पैदा करना और भविष्य की प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए नेपाल की क्षमता मजबूत करना है।
पहली भारत यात्रा पर पहुंचे बालेन शाह
नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने शाह के नेतृत्व और नेपाली मतदाताओं से मिले जनसमर्थन की सराहना की।
भारत-नेपाल रिश्तों को नई दिशा देने पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि बालेन शाह का नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर स्पष्ट विजन है। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में द्विपक्षीय सहयोग और नेपाल के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। भारत की ओर से घोषित विकास पैकेज को दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







