वेनिस आर्ट बिएनाले में भारत का जलवा, दर्शकों ने चुना दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय पैवेलियन
भारत ने वैश्विक कला जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रतिष्ठित वेनिस आर्ट बिएनाले में ‘बेस्ट नेशनल पैवेलियन – विजिटर्स लायन’ का सम्मान अपने नाम किया है। दुनिया के अलग-अलग देशों से पहुंचे दर्शकों की पसंद और उनके मतदान के आधार पर भारत को यह सम्मान मिला है। यह उपलब्धि भारतीय कला, संस्कृति और रचनात्मक विरासत की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है। पारंपरिक कला के साथ-साथ समकालीन भारतीय कलाकारों की रचनात्मकता भी आज दुनिया के प्रमुख कला मंचों पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही है।
संस्कृति मंत्रालय ने NMACC और Serendipity Arts के सहयोग से भारत के राष्ट्रीय पैवेलियन को प्रस्तुत किया। ‘ज्योग्राफीज ऑफ डिस्टेंस : रिमेम्बरिंग होम’ शीर्षक से सजे इस पैवेलियन में देश के पांच प्रतिभाशाली कलाकारों अलवर बालासुब्रमण्यम, रंजनी शेट्टर, सुमाक्षी सिंह, स्कर्मा सोनम ताशी और असीम वाकिफ की कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया।
इन कलाकारों की कलाकृतियों ने भारतीय कला की विविधता, संवेदनशीलता और आधुनिक सोच को वैश्विक दर्शकों के सामने प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। दर्शकों की ओर से मिला यह सम्मान न केवल इन कलाकारों की प्रतिभा का गौरव है, बल्कि भारत के समकालीन कला जगत की जीवंतता और रचनात्मक क्षमता का भी प्रमाण है।
यह उपलब्धि बताती है कि भारत की सदियों पुरानी कलात्मक परंपराएं आज आधुनिक अभिव्यक्तियों के साथ दुनिया को आकर्षित कर रही हैं। भारतीय कला अब केवल अपनी विरासत तक सीमित नहीं, बल्कि वैश्विक सांस्कृतिक संवाद का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रही है।
विरासत भी, विकास भी! भारत की कला, संस्कृति और प्रतिभा का दुनिया में बढ़ता सम्मान।







