Newshaat_Logo

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने की दूसरी शादी, पत्रकार निधि राजदान बनीं दुल्हनियां

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता उमर अब्दुल्ला ने अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू कर दी है।
 
Amar

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता उमर अब्दुल्ला ने अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू कर दी है। सीएम उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। उमर अब्दुल्ला ने खुद सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर इस रिश्ते का एलान किया है।

उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर निधि राजदान के साथ कुछ तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, ‘कल एक नई यात्रा शुरू हुई।’ पोस्ट के साथ उन्होंने रिंग इमोजी भी लगाया। इस पोस्ट में उन्होंने निधि राजदान को भी टैग किया है। तस्वीरों में दोनों पारंपरिक परिधानों में साथ नजर आ रहे हैं।

दरअसल, सीएम उमर अब्दुल्ला की उम्र 56 साल है जबकि निधी राजदान अभी 49 साल की हैं. ऐसे में निधि राजदान उमर अब्दुल्ला से सात साल छोटी हैं और दोनों की ही ये दूसरी शादी है.

उमर अब्दुल्ला की इस घोषणा के बाद उनके जीवन का एक नया अध्याय शुरू हो गया है. उन्होंने शादी के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों और समर्थकों के साथ यह जानकारी साझा की. यह कदम सुप्रीम कोर्ट द्वारा उमर अब्दुल्ला को उनकी अलग रह रहीं पत्नी पायल अब्दुल्ला से तलाक देने पर सहमति जताने के करीब तीन महीने बाद सामने आया है.

दरअसल, 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी को समाप्त करने का आदेश दिया था. इस दौरान दोनों पक्षों ने अदालत को बताया था कि वे आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध खत्म करने और लंबित विवादों का निपटारा करने पर सहमत हो गए हैं. दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज मामले भी वापस लेने पर सहमति जताई थी.

यह मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें तलाक देने से इनकार कर दिया गया था. सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान दंपति ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत आपसी सहमति से विवाह विच्छेद की मांग करते हुए संयुक्त आवेदन दाखिल किया था. दंपति की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि दोनों ने अपने मतभेद सुलझा लिए हैं और सभी विवादों को आपसी सहमति से खत्म करने पर सहमत हैं.