Newshaat_Logo

यूपी में कनिष्ठ सहायक भर्ती का रिजल्ट जारी, 50 अभ्यर्थियों का चयन; जानें किस वर्ग की कितनी रही कटऑफ

 
यूपी में कनिष्ठ सहायक भर्ती का रिजल्ट जारी, 50 अभ्यर्थियों का चयन; जानें किस वर्ग की कितनी रही कटऑफ

UP News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने औद्योगिक विकास विभाग में कनिष्ठ सहायक के पदों पर भर्ती का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा के आधार पर कुल 50 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया है। आयोग ने परिणाम के साथ अलग-अलग श्रेणियों की कटऑफ भी घोषित की है।

62 पदों से शुरू हुई भर्ती, संशोधन के बाद 54 पद हुए

भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 62 कनिष्ठ सहायक पदों के लिए आवेदन से हुई थी। बाद में विभाग की ओर से संशोधित अधियाचन मिलने के बाद पदों की संख्या घटाकर 54 कर दी गई। इसी संशोधित संख्या के आधार पर आयोग ने चयन प्रक्रिया पूरी की और 50 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया।

चयन प्रक्रिया में निर्धारित मेरिट, आरक्षण और अन्य नियमों का पालन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों में 34 अनारक्षित, 7 ओबीसी, 5 ईडब्ल्यूएस, 3 अनुसूचित जाति और 1 अनुसूचित जनजाति वर्ग से हैं।

जानिए किस वर्ग की कितनी रही कटऑफ

आयोग की ओर से जारी परिणाम के अनुसार अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 65 अंक रही। वहीं ओबीसी वर्ग में अंतिम कटऑफ 62.50 अंक और ईडब्ल्यूएस में 63.75 अंक दर्ज की गई।

अनुसूचित जाति के लिए कटऑफ 26.75 अंक, जबकि अनुसूचित जनजाति की कटऑफ 50 अंक रही। क्षैतिज आरक्षण के तहत दिव्यांगजन की एएसडी/एचएच/डीई/ओएच श्रेणी की कटऑफ 54.75 अंक और अन्य दिव्यांगजन श्रेणी की कटऑफ 44.25 अंक रही। महिला अभ्यर्थियों की कटऑफ 42 अंक दर्ज की गई।

क्षैतिज आरक्षण का भी रखा गया ध्यान

आयोग ने बताया कि क्षैतिज आरक्षण के पात्र अभ्यर्थियों को उनकी मूल श्रेणी में समायोजित किया गया। महिला और दिव्यांगजन समेत अन्य क्षैतिज आरक्षण प्रावधानों को भी चयन प्रक्रिया में शामिल किया गया। जहां किसी श्रेणी में निर्धारित पदों के अनुरूप पात्र अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं थे, वहां नियमानुसार पदों को आगे बढ़ाकर अन्य पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

पांच अभ्यर्थियों का चयन फिलहाल औपबंधिक

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पांच अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से चयन में शामिल किया गया है। इनका अंतिम चयन आयोग के निर्णय के अधीन रहेगा। वहीं पूरी चयन प्रक्रिया उच्च न्यायालय में लंबित संबंधित याचिकाओं में आने वाले आदेशों के अधीन होगी।

चयनित अभ्यर्थियों के नाम और श्रेणीवार कटऑफ से जुड़ी विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।