Newshaat_Logo

खुखरायण महासमागम 2026: एकता, सहयोग और सामाजिक सेवा का भव्य संगम, देशभर से जुटे समाज के प्रतिनिधि

 
खुखरायण महासमागम 2026: एकता, सहयोग और सामाजिक सेवा का भव्य संगम, देशभर से जुटे समाज के प्रतिनिधि

New Delhi: खुखरैन वर्ल्ड ब्रदरहुड (रजि.) की ओर से खुखरायण महासमागम 2026 का भव्य आयोजन शनिवार को कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन के पास पूर्वी दिल्ली स्थित बैंक्वेट हॉल में किया गया। महासमागम में देश के विभिन्न हिस्सों से खुखरायण समाज की विभिन्न यूनिटों के प्रतिनिधि, पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्य और परिवार शामिल हुए।

खुखरायण वर्ल्ड ब्रदरहुड के अध्यक्ष राजीव साहनी, जो विश्व हिंदू परिषद इन्द्रप्रस्थ के प्रांत उपाध्यक्ष, आचोमाबाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन दिल्ली के सचिव और नेहरू नगर मंदिर सभा के अध्यक्ष भी हैं, ने कार्यक्रम के दौरान समाज की एकजुटता, सामाजिक सहयोग और सेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

महासमागम का उद्देश्य देशभर की खुखरायण संस्थाओं और परिवारों को एक साझा मंच पर लाकर एकता, आपसी सहयोग, सामाजिक सेवा और नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से जोड़ना रहा।

कार्यक्रम में खुखरायण समाज के इतिहास, विभाजन के दौरान पूर्वजों द्वारा झेले गए संघर्ष, उनके साहस और परिश्रम के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में समाज की उपलब्धियों पर चर्चा की गई। राजीव साहनी ने कहा कि पूर्वजों ने विस्थापन की कठिन परिस्थितियों में भी आत्मसम्मान, मेहनत, ईमानदारी और संस्कारों को बनाए रखा तथा शून्य से अपने परिवारों और समाज का पुनर्निर्माण किया।

सामाजिक सेवा को आगे बढ़ाने का संकल्प

महासमागम में समाज के जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुंचाने और सामाजिक सेवा की परंपरा को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। संस्था की ओर से लंबे समय से जरूरतमंद परिवारों के निःशुल्क मेडिकल चेकअप एवं चिकित्सा सहयोग, गरीब कन्याओं की शिक्षा एवं विवाह, रक्तदान और अन्य सामाजिक सहायता गतिविधियों में योगदान दिया जाता रहा है।

देशभर की यूनिटों को एक मंच पर लाने पर जोर

कार्यक्रम में पूर्व सांसद आर.के. आनंद और पूर्व राज्यपाल अमोलक रतन कोहली ने देश के विभिन्न शहरों और क्षेत्रों में कार्यरत खुखरायण यूनिटों के बीच नियमित संवाद एवं सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, विशिष्ट अतिथि विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री सुनील सुरी ने नई पीढ़ी को समाज की विरासत से जोड़ने, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने की बात कही।

‘खुखरायण पत्रिका’ को बताया महत्वपूर्ण माध्यम

समागम में ‘खुखरायण पत्रिका’ को समाज के इतिहास, उपलब्धियों, संघर्षों, प्रतिभाओं और सामाजिक गतिविधियों को सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया। सदस्यों से आग्रह किया गया कि वे अपने माता-पिता, वरिष्ठ सदस्यों और समाज की प्रेरणादायक विभूतियों की जीवन-यात्रा एवं संघर्षों को पत्रिका के माध्यम से साझा करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी विरासत से परिचित हो सकें।

सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां

महासमागम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं एवं वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही प्रसिद्ध गायक शंकर साहनी, धीरज आनंद और शिव कोहली ने संगीत प्रस्तुतियां दीं, जिससे समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में आर.के. आनंद, चेयरमैन; अमोलक रतन कोहली, चीफ पैट्रन; सुनील सुरी, विवेक आनंद, मनीष चड्ढा और निगम पार्षद रमेश गर्ग सहित खुखरायण समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्य एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

आयोजन को सफल बनाने में खुखरैन वर्ल्ड ब्रदरहुड की ओर से राजीव साहनी, गुरचरण घई, गिरधारी लाल कोहली, दीपक भसीन, आशीष सभरवाल, मधुकर सूरी और विशाल चड्ढा सहित अन्य पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समापन अवसर पर राजीव साहनी ने देशभर से पहुंचे सभी खुखरायण यूनिटों, पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, परिवारों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार मिलकर समाज को मजबूत करने का संकल्प दोहराया।