गोरखपुर से किसान कारवां 2.0 की शुरुआत, 1300 से ज्यादा किसान जुटे; 10 कृषि वीरों का सम्मान
UP News: उत्तर प्रदेश में किसानों से सीधे संवाद और खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा को बढ़ावा देने के लिए किसान कारवां 2.0 की शुरुआत हो गई है। बुधवार को गोरखपुर के योगीराज गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में किसान महासम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1300 से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया।
किसान तक और योगी सरकार के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि रहे, जबकि गोरखपुर मंडल के आयुक्त इंद्र विक्रम सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
काला नमक चावल से लेकर गन्ने और नई तकनीक पर मंथन
किसान महासम्मेलन के दौरान खेती से जुड़े अलग-अलग विषयों पर तीन पैनल चर्चाएं आयोजित की गईं। इनमें काला नमक चावल, गन्ने की खेती और कृषि तकनीक प्रमुख विषय रहे।
पैनल में कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और प्रगतिशील किसानों ने खेती की बदलती जरूरतों, नई तकनीकों और कृषि क्षेत्र में मौजूद संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में किसानों के स्वागत और मनोरंजन के लिए लोक गायक मनोज मिहिर ने प्रस्तुति दी। वहीं जादूगर सलमान ने भी जादू के करतब दिखाए।
10 कृषि वीरों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग जिलों से चयनित 10 किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों को कृषि वीर सम्मान दिया गया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
सम्मान पाने वालों में दीपक कुशवाहा, अविनाश कुमार, लालजी कुशवाहा, मालती देवी, वेदव्यास सिंह, जय सिंह कुशवाहा, कर्नल के.सी. मिश्रा, आज्ञाराम वर्मा, राजू सिंह और देवरिया की ड्रोन दीदी सीमा गुप्ता शामिल रहीं।
आयोजकों के अनुसार, आज्ञाराम वर्मा के नाम पर गन्ने की एक वैरायटी जारी की गई है। वहीं राजू सिंह एफपीओ और शहद उत्पादन के क्षेत्र से जुड़े हैं।
किसानों की भागीदारी बढ़ाने के लिए बनी 20 सदस्यीय परिषद
किसानों की भागीदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में 20 सदस्यीय किसान परिषद का गठन भी किया गया। परिषद में हरिशंकर राय, संजय सिंह, नंदलाल चौहान, अजीत श्रीवास्तव, मांधाता सिंह, राज मंगल चौधरी, विवेक सिंह बंटी, इंदू श्रीवास्तव, वीरेंद्र चौरसिया और शत्रुघ्न चंद को शामिल किया गया है।
इसके अलावा राम चेत चौधरी, राम रतन सिंह, राकेश मल्ल, धर्मेंद्र सिंह, संजय नायक, पुष्पा देवी, अविनाश कुमार, धर्मेंद्र पांडे, जयप्रकाश नारायण और सुभाष चंद्र सिंह भी परिषद के सदस्य बनाए गए हैं।
कृषि योजनाओं की दी जानकारी
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किसानों को प्रदेश में कृषि क्षेत्र के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। सम्मेलन का उद्देश्य किसानों, कृषि विशेषज्ञों और नीति से जुड़े लोगों के बीच संवाद को आगे बढ़ाना रहा।
24 सितंबर को झांसी में अगला किसान महासम्मेलन
किसान कारवां 2.0 का अगला कार्यक्रम 24 सितंबर को झांसी में आयोजित किया जाएगा। इसमें बुंदेलखंड क्षेत्र के किसान, कृषि विशेषज्ञ और खेती से जुड़े अन्य लोग शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में बुंदेलखंड की कृषि चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।







