Newshaat_Logo

Kolkata Airport: बंगाल का 24% ATF टैक्स बना उड़ानों की राह में रोड़ा, जानें पूरा मामला

Kolkata: पश्चिम बंगाल में ATF पर प्रभावी टैक्स दर करीब 24% है, जबकि उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश में यह करीब 1% है. ऊंचे टैक्स से कोलकाता एयरपोर्ट पर एयरलाइंस की ऑपरेशनल लागत प्रभावित हो रही है.
 
WEST BENGAL

Kolkata: पश्चिम बंगाल में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर लगने वाला भारी-भरकम टैक्स कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विमान सेवाओं के विस्तार की राह में बड़ी चुनौती बनता दिख रहा है। राज्य में ATF पर 20% VAT और अतिरिक्त टैक्स को मिलाकर प्रभावी कर दर करीब 24% पहुंच जाती है। यह देश के प्रमुख मेट्रो एयरपोर्ट्स में सबसे ऊंची दरों में शामिल है।

हवाई सफर हो सकता है महंगा! ATF कीमतों में 10% उछाल, एयरलाइंस पर बढ़ा खर्च  का दबाव - News18 हिंदी

संसद में राज्यसभा सांसद के सवाल के लिखित जवाब में नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने ATF पर अलग-अलग राज्यों में लागू टैक्स दरों और कोलकाता एयरपोर्ट से जुड़ी स्थिति की जानकारी दी है।

यूपी और आंध्र प्रदेश में सिर्फ 1% टैक्स

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों ने विमानन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए ATF पर VAT को घटाकर करीब 1% कर दिया है। इसके मुकाबले पश्चिम बंगाल में प्रभावी टैक्स दर लगभग 24% है।

नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि मंत्रालय की ओर से पश्चिम बंगाल समेत उन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगातार ATF पर लागू उच्च VAT दरों को तर्कसंगत बनाने यानी कम करने का मुद्दा उठाया जाता रहा है।

चार साल में एयरक्राफ्ट मूवमेंट की रफ्तार सिर्फ 1.2%

मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 से 2026 के बीच कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या में 5.9% की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) दर्ज की गई। हालांकि, इसी अवधि में विमानों की आवाजाही यानी Aircraft Movement में वृद्धि दर महज 1.2% रही।

वहीं, समर शेड्यूल 2026 के आंकड़ों के अनुसार कोलकाता एयरपोर्ट वर्तमान में कुल 69 डेस्टिनेशन से सीधे जुड़ा हुआ है।

एयरलाइंस के ऑपरेशनल खर्च पर पड़ता है असर

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, एयरलाइंस की परिचालन लागत कई कारकों पर निर्भर करती है। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ATF की कीमतें, विदेशी मुद्रा विनिमय दर, उत्पाद शुल्क और राज्यों द्वारा लगाया जाने वाला VAT प्रमुख हैं।

मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि हवाई किराया केवल ईंधन की कीमत के आधार पर तय नहीं होता। किराए पर यात्रियों की मांग, बाजार में प्रतिस्पर्धा, मौसम और अन्य परिचालन परिस्थितियों का भी असर पड़ता है।

हालांकि, ATF पर करीब 24% का प्रभावी टैक्स एयरलाइंस के ऑपरेशनल बजट पर अतिरिक्त दबाव डालता है। ऐसे में कम VAT वाले राज्यों की तुलना में पश्चिम बंगाल से विमान संचालन की लागत अधिक होने की स्थिति बनती है।

कम ATF टैक्स से बढ़ सकता है विमानन क्षेत्र

ATF पर कम टैक्स को विमानन क्षेत्र के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। कम ईंधन लागत से एयरलाइंस को नए रूट शुरू करने, उड़ानों की संख्या बढ़ाने और मौजूदा सेवाओं को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिल सकती है।

ऐसे में पश्चिम बंगाल में ATF पर लागू ऊंची टैक्स दर को कम करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ सकती है। खासकर कोलकाता एयरपोर्ट से नई उड़ानों और नए डेस्टिनेशन को जोड़ने के लिहाज से यह मुद्दा महत्वपूर्ण है।