Newshaat_Logo

भारत गौरव उत्सव-2026 में कृष्णानन्द सागर की पुस्तक ‘कांग्रेस और संघ : एक सिंहावलोकन’ का विमोचन

चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह, नई दिल्ली की ओर से आयोजित ‘भारत गौरव उत्सव-2026’ के अंतर्गत संघ शताब्दी पुस्तक श्रृंखला की महत्वपूर्ण पुस्तक ‘कांग्रेस और संघ : एक सिंहावलोकन’ (दो खंड) का भव्य विमोचन समारोह तीन मूर्ति भवन सभागार, नई दिल्ली में आयोजित किया गया
 
संविधान

नई दिल्ली: चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह, नई दिल्ली की ओर से आयोजित ‘भारत गौरव उत्सव-2026’ के अंतर्गत संघ शताब्दी पुस्तक श्रृंखला की महत्वपूर्ण पुस्तक ‘कांग्रेस और संघ : एक सिंहावलोकन’ (दो खंड) का भव्य विमोचन समारोह तीन मूर्ति भवन सभागार, नई दिल्ली में आयोजित किया गया। वरिष्ठ इतिहासकार श्री कृष्णानन्द सागर द्वारा लिखित इस पुस्तक का विमोचन समारोह में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ हुआ। इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। चाणक्य वार्ता के संपादक डॉ. अमित जैन ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। अतिथियों के सम्मान के बाद पुस्तक के लेखक कृष्णानन्द सागर ने पुस्तक की विषयवस्तु, उसके ऐतिहासिक संदर्भों और लेखन के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों ने पुस्तक का विमोचन किया।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. बालमुकुन्द पाण्डेय ने इतिहास के महत्व और उसके विभिन्न पहलुओं पर ज्ञानवर्धक एवं तथ्यपरक संबोधन दिया। वहीं, पश्चिम बंगाल सरकार के पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष ने भी अपने विचार रखते हुए पुस्तक को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे असम, तमिलनाडु एवं पंजाब के पूर्व राज्यपाल श्री बनवारी लाल पुरोहित ने पुस्तक की सराहना करते हुए इसे पठनीय और शोधपरक जानकारियों से समृद्ध बताया। उन्होंने चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह के दस वर्ष पूरे होने पर संपादक डॉ. अमित जैन को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि ‘कांग्रेस और संघ : एक सिंहावलोकन’ पुस्तक तथ्यात्मक आधार पर लिखे गए इतिहास का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके लिए उन्होंने लेखक कृष्णानन्द सागर को बधाई दी। साथ ही, इस ज्ञानवर्धक पुस्तक के प्रकाशन के लिए चाणक्य वार्ता के संपादक एवं प्रकाशक डॉ. अमित जैन की भी सराहना की।

मनोहर लाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है, जो राष्ट्र और समाज के निर्माण में निस्वार्थ भाव एवं पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रहा है। संघ की 100 वर्षों की सेवा और समर्पण का ही परिणाम है कि आज भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ पाने के लिए उत्सुक है। उन्होंने सभी से संस्कारित होकर विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।