नोएडा में लगेगी लाइफ़ ऑफ़ विज़न फ़ाउंडेशन की प्रदर्शनी, महिलाओं की ज़िंदगी बदलने की मुहिम से जुड़ा आयोजन
Noida: सामाजिक सरोकार और महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ लाइफ़ ऑफ़ विज़न फ़ाउंडेशन 27 सितंबर को एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन करने जा रहा है। यह कार्यक्रम गुलशन One29 मॉल, सेक्टर-129, एक्सप्रेसवे में दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक होगा।
हस्तनिर्मित उत्पादों की होगी झलक
इस प्रदर्शनी में ज़री, ब्रोकेड और कैनवास बैग, गिफ्ट बैग, टेबल मैट्स, त्योहारी सजावट से जुड़े सामान समेत कई आकर्षक हस्तनिर्मित उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। खास बात यह है कि यहाँ कस्टमाइज्ड गिफ्टिंग और लोगो प्रिंटिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जो आगंतुकों के लिए एक अलग अनुभव लेकर आएगी।
प्रोजेक्ट लीला: महिलाओं के लिए सहारा
संस्था की अध्यक्ष सुमिता दास ने बताया कि यह प्रदर्शनी “प्रोजेक्ट लीला” के समर्थन में आयोजित की जा रही है। इस प्रोजेक्ट का मक़सद उन महिलाओं की मदद करना है जो गरीबी या घरेलू हिंसा जैसी परिस्थितियों से जूझ रही हैं।
सुमिता दास के अनुसार, “जब कोई लीला क्रिएशन्स से उत्पाद खरीदता है तो वह सिर्फ़ एक सामान नहीं खरीदता, बल्कि करुणा का संदेश भी अपने साथ ले जाता है। हर खरीद एक नई उम्मीद और बदलाव की दिशा में कदम होती है।”
आत्मनिर्भरता की ओर कदम
लाइफ़ ऑफ़ विज़न फ़ाउंडेशन का मानना है कि प्रदर्शनी से होने वाली आमदनी से महिलाओं को न केवल आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा, बल्कि उनके जीवन में नई रोशनी भी आएगी।







