कोलकाता एयरपोर्ट पर आसमानी बिजली का कहर, बड़ा विमान हादसा टला, कई कर्मचारी घायल
Kolkata: कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब खराब मौसम के दौरान आसमानी बिजली (Lightning) एक विमान के नजदीक गिरी. घटना के समय अमीरात एयरलाइंस का विमान एयरपोर्ट पर मौजूद था. हालांकि विमान और उसमें सवार यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन ग्राउंड स्टाफ के कुछ कर्मी झुलस गए.

जानकारी के अनुसार, तेज बारिश और गरज-चमक के बीच अचानक बिजली गिरने से एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घायल कर्मचारियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. अधिकारियों ने बताया कि सभी की हालत स्थिर है. एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह भयानक दुर्घटना उस समय हुई जब हवाई अड्डे के रनवे पर ‘अमीरात’ एयरलाइंस की एक फ्लाइट लैंड कर चुकी थी. दोनों ग्राउंड स्टाफ विमान से यात्रियों का सामान नीचे उतारने के काम में लगे हुए थे. इसी दौरान अचानक गरज के साथ जोरदार बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों कर्मचारी आ गये. घायल कर्मचारियों को तुरंत पास के चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
इधर, अलीपुर मौसम विभाग ने कोलकाता सहित पूरे दक्षिण बंगाल में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के 10 जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि इस वीकेंड में शनिवार और रविवार को बारिश और ज्यादा तेज होगी, जो आगामी मंगलवार तक लगातार जारी रह सकती है.
लगातार हो रही रुक-रुक कर बारिश के कारण कोलकाता के कई निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है. सड़कों पर जलजमाव के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा है. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कोलकाता नगर निगम पूरी तरह मुस्तैद हो गया है. जलजमाव की स्थिति पर नजर रखने के लिए निगम मुख्यालय में एक विशेष कॉन्फ्रेंस और कंट्रोल रूम खोला गया है. शहर के सभी ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. अधिकारी सीसीटीवी और ग्राउंड इनपुट के जरिए हर इलाके की पल-पल की मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि जलभराव की समस्या का तुरंत निपटारा किया जा सके.







