Newshaat_Logo

लखनऊ अग्निकांड: अलीगंज की तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, 13 की मौत की आशंका; लाइब्रेरी में फंसे कई छात्र, रेस्क्यू जारी

 
लखनऊ अग्निकांड: अलीगंज की तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, 13 की मौत की आशंका; लाइब्रेरी में फंसे कई छात्र, रेस्क्यू जारी

Lucknow, UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मृतकों में बड़ी संख्या छात्रों की बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद इमारत के दूसरे तल पर संचालित ‘लर्निंग स्पेस’ लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर में मौजूद कई छात्र धुएं से बचने के लिए बाथरूम में छिप गए। वहीं एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी, लेकिन नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि इमारत में फैले घने धुएं और तेज लपटों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बचाव दल ने इमारत की पिछली दीवार को तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी भी कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान लगातार जारी है। इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर पेट शॉप और क्लीनिक संचालित थे, जबकि दूसरे तल पर लाइब्रेरी के साथ ‘हेड हॉपर स्टूडियो’ नामक संस्थान में 3डी आर्ट प्रोडक्शन और गेम एसेट आउटसोर्सिंग का कार्य किया जाता था।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरा भवन धुएं से भर गया।

इस बीच, पेट शॉप में काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि कुछ पालतू जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन कई जानवर अब भी इमारत के अंदर फंसे हुए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज के लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था की गई है तथा डॉक्टरों और एंबुलेंस को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा रद्द कर लखनऊ लौटने का फैसला किया है। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।