Newshaat_Logo

40 मिनट में लखनऊ से कानपुर! ₹4,850 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का राजनाथ-गडकरी ने किया लोकार्पण

 
40 मिनट में लखनऊ से कानपुर! ₹4,850 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का राजनाथ-गडकरी ने किया लोकार्पण

UP News: उत्तर प्रदेश को सोमवार को सड़क संपर्क के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 4,850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इस दौरान सबसे अहम परियोजना 63 किलोमीटर लंबे छह-लेन लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन रहा। करीब 4,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद अब लखनऊ से कानपुर का सफर करीब 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जबकि पहले इसमें लगभग तीन घंटे तक का समय लगता था।

उद्घाटन के बाद तीनों वरिष्ठ नेता एक्सप्रेसवे से होकर सरोजनीनगर स्थित कैप्टन मनोज पांडेय उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सड़क की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।

कार्यक्रम में 541 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हरदोई-लखनऊ सीमा से लखनऊ रिंग रोड तक चार लेन सड़क (एनएच-731) परियोजना का लोकार्पण भी किया गया। इसके अलावा 109 करोड़ रुपये की लागत से लखनऊ इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर चार लेन फ्लाईओवर के निर्माण का शिलान्यास भी हुआ।

सरकार के मुताबिक, नए एक्सप्रेसवे पर अत्याधुनिक इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) लगाया गया है। इसमें सीसीटीवी कैमरे, स्पीड मॉनिटरिंग रडार, इमरजेंसी कॉल बॉक्स, वीडियो इंसिडेंट डिटेक्शन सिस्टम और डिजिटल सूचना बोर्ड जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं, जिससे सफर अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा।

सरकार का कहना है कि इस एक्सप्रेसवे से यात्रियों का समय और ईंधन दोनों बचेंगे। साथ ही यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और किसानों, व्यापारियों व उद्योगों को माल ढुलाई में बड़ी सुविधा मिलेगी। एक्सप्रेसवे के आसपास लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउस, औद्योगिक इकाइयों, पर्यटन और छोटे कारोबारों के विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।