UP Congress में महाभारत! पदभार समारोह में चले थप्पड़-जूते, अजय राय हुए नाराज
UP Politics: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में रविवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जमकर हंगामा हुआ। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और लखनऊ नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल की नेता ममता चौधरी के बीच विवाद की खबर सामने आई है। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान थप्पड़ चलने और जूते निकलने की भी बात सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पदभार समारोह के बीच कैसे शुरू हुआ विवाद?
दरअसल, रविवार को आराधना मिश्रा मोना को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करना था। इस कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी पदभार सौंपने के लिए पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ उनके समर्थक भी मौजूद थे।
इसी दौरान पार्टी कार्यालय में ममता चौधरी और अजय राय के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के दौरान धक्का-मुक्की और थप्पड़ चलने की बात भी सामने आई है।
नाराज होकर कार्यालय से बाहर निकले अजय राय
विवाद के बाद अजय राय नाराज होकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से बाहर निकल गए। इस घटनाक्रम से कार्यक्रम में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अजय राय को मनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी उनके साथ बाहर तक आए। इस दौरान कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद भी मौजूद रहे। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी बातचीत के जरिए विवाद को शांत कराने की कोशिश की।
संबंधित महिला पार्षद पर कार्रवाई की मांग
बताया जा रहा है कि अजय राय विवाद से जुड़े संबंधित पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े थे। उनकी नाराजगी के बीच प्रमोद तिवारी ने उनसे बातचीत की और विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। वरिष्ठ नेताओं के आश्वासन के बाद अजय राय दोबारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे।
वायरल वीडियो से बढ़ी चर्चा
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान हुए इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। जिस कार्यक्रम में नए प्रदेश अध्यक्ष को जिम्मेदारी संभालनी थी, उसी दौरान पार्टी नेताओं और समर्थकों के बीच विवाद सामने आने से संगठन के भीतर की खींचतान को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, विवाद की पूरी वजह और घटना के लिए जिम्मेदारी तय करने के संबंध में पार्टी की आधिकारिक प्रतिक्रिया तथा किसी कार्रवाई की पुष्टि सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।







