मुख्यमंत्री फडणवीस ने मुंबई में कैप्टन स्मित मच्छर के परिजनों से की मुलाकात, बहादुरी की तारीफ की
Newshaat Desk: अपनी बहादुरी से भारत का नाम रोशन करने वाले पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के चाचा और चाची ने गुरुवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान, मुख्यमंत्री फडणवीस ने कैप्टन स्मित मच्छर के परिवार की सराहना की और उनकी बहादुरी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने जिस सूझबूझ का परिचय दिया, वह महाराष्ट्र और भारत दोनों के लिए गर्व की बात है. फडणवीस ने कैप्टन स्मित मच्छर के परिवार को अपना समर्थन दिया.
दुबई से तेल अवीव (इजराइल) जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट के कॉकपिट में को-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन स्मित पर चाकू से हमला कर दिया था. हालांकि, विमान उड़ा रहे स्मित ने को-पायलट का बहादुरी से मुकाबला किया और 170 से अधिक यात्रियों की जान बचाई. हमले में घायल हुए कैप्टन स्मित का अभी संयुक्त अरब अमीरात के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है.
ओमान के एक को-पायलट ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट (FZ1073) को कथित तौर पर हाईजैक करने की कोशिश की. कॉकपिट के अंदर जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, कैप्टन स्मित ने उसका मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिससे विमान में सवार यात्री को-पायलट को काबू करने में मदद कर सके.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस बहादुरी के लिए कैप्टन स्मित को 'हीरो' बताया. उन्होंने फोन पर कैप्टन के माता-पिता और पत्नी से भी बात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.
मुंबई के घाटकोपर के रहने वाले कैप्टन स्मित मच्छार, जिन्होंने गुड़गांव में पायलट की ट्रेनिंग ली थी, ने 170 से अधिक लोगों की जान बचाई. स्मित की अब पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है और वह हीरो बन गए हैं. स्मित मच्छर ने 10 से अधिक वर्षों तक स्पाइसजेट के लिए बोइंग विमान उड़ाए हैं. इस दौरान, उन्हें सीनियर कमांडर और बाद में ट्रेनिंग कैप्टन के पद पर प्रमोट किया गया. इसके बाद 2022 में दुबई चले गए.
इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भारतीय दूतावास का कहना है कि कैप्टन स्मित मच्छर ठीक हैं और तेजी से रिकवरी कर रहे हैं. भारतीय दूतावास ने गुरुवार को एक्स पोस्ट में बताया कि राजदूत दीपक मित्तल ने UAE के उस अस्पताल में कैप्टन स्मित मच्छर और उनके परिवार से मुलाकात की, जहां उन्हें सऊदी अरब से लाया गया था. दूतावास ने आगे कहा, "कैप्टन मच्छर ठीक हैं और उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है. दूतावास उनके इलाज और स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है."







