महाष्टमी आज, मां महागौरी की पूजा से पूरी होंगी मनोकामनाएं, वैवाहिक सुख और समृद्धि की है मान्यता
शारदीय नवरात्र के आठवें दिन आज मां दुर्गा के आठवें स्वरूप माता महागौरी की पूजा-अर्चना की जा रही है। महाष्टमी के मौके पर सुबह से ही मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्त मां महागौरी की आराधना कर सुख-समृद्धि, धन-ऐश्वर्य और खुशहाल जीवन की कामना कर रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, माता महागौरी की पूजा करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और वैवाहिक जीवन में सुख-शांति आती है।
धार्मिक मान्यता है कि मां महागौरी की पूजा से शारीरिक, मानसिक और सांसारिक कष्टों से मुक्ति मिलती है। मां अपने भक्तों को सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उनकी आराधना से मन की नकारात्मकता दूर होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। माना जाता है कि माता की पूजा करने से एकाग्रता बढ़ती है और मन शुद्ध एवं पवित्र होता है।
मां महागौरी को सुख-सौभाग्य और वैवाहिक जीवन में खुशहाली प्रदान करने वाली देवी भी माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि उनकी सच्चे मन से पूजा करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। माता की आराधना से विवाह में आ रही बाधाएं दूर होने और दांपत्य जीवन मधुर होने की भी मान्यता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, माता सीता ने भगवान श्रीराम को पति रूप में प्राप्त करने के लिए मां गौरी की आराधना की थी।
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, मां महागौरी का संबंध शुक्र ग्रह से माना जाता है। शुक्र को सुख, वैभव, सौंदर्य और भौतिक सुख-सुविधाओं का कारक ग्रह कहा जाता है। ऐसे में महाष्टमी के दिन मां महागौरी की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है।
महाष्टमी पर श्रद्धालु व्रत रखकर फलाहार करते हैं और विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना करते हैं। नवरात्र के इस पावन अवसर पर घरों और मंदिरों में विशेष पूजा की जाती है। इसके बाद महानवमी पर हवन और कन्या पूजन के साथ शारदीय नवरात्र के अनुष्ठानों का समापन होगा।







