यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 363 PCS अधिकारियों के तबादले, दो चरणों में जारी हुए ट्रांसफर आदेश
UP News: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा (PCS) अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक फेरबदल किया है। योगी सरकार ने दो चरणों में कुल 363 पीसीएस अधिकारियों के ट्रांसफर आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव के तहत बड़ी संख्या में एसडीएम समेत कई अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
पहले चरण में रविवार देर रात 182 अधिकारियों के तबादले किए गए, जबकि दूसरे चरण में 181 एसडीएम के स्थानांतरण की सूची जारी की गई। सरकार का कहना है कि प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
नई सूची में कई जिलों के उप जिलाधिकारियों (SDM) की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। निशांत तिवारी को ललितपुर से फतेहपुर, संजय यादव को गाजीपुर से प्रतापगढ़, प्रवीण यादव को अयोध्या से बलिया और मोहम्मद जफर को कुशीनगर से सोनभद्र भेजा गया है। इसके अलावा वाराणसी, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, कानपुर, लखीमपुर खीरी, झांसी, बरेली, प्रयागराज, बलिया, गाजीपुर, सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
इस व्यापक फेरबदल में कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र के साथ-साथ उनकी जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। सरकार को उम्मीद है कि नई तैनातियों से जिलों में प्रशासनिक कामकाज और बेहतर होगा तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।
राज्य सरकार के इस बड़े फैसले के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारियां संभालने के बाद अधिकारी जल्द ही अपने-अपने कार्यस्थलों पर योगदान देंगे।







