Newshaat_Logo

मोदी कैबिनेट में बड़े बदलाव की आहट! कई दिग्गज मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी, नए चेहरों को मिल सकता है मौका

 
मोदी कैबिनेट में बड़े बदलाव की आहट! कई दिग्गज मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी, नए चेहरों को मिल सकता है मौका

New Delhi: केंद्र की मोदी सरकार जल्द ही अपने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल कर सकती है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आगामी रविवार या सोमवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार और पुनर्गठन किया जा सकता है। संभावित फेरबदल को लेकर कई बड़े नेताओं के नाम चर्चा में हैं, जबकि कुछ वरिष्ठ मंत्रियों की छुट्टी होने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पूर्व आरबीआई गवर्नर और प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव रहे शक्तिकांत दास को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। उन्हें सीधे कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के मंत्रालय में बदलाव की भी चर्चा है। राजनीतिक हलकों में कयास लगाए जा रहे हैं कि उन्हें वित्त मंत्रालय से हटाकर शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और हरदीप सिंह पुरी के नाम भी चर्चा में हैं। अटकलें हैं कि इन दोनों नेताओं को मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है। इसके साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की एक बार फिर कैबिनेट में वापसी की संभावना जताई जा रही है।

एनडीए सहयोगी दलों को साधने की रणनीति के तहत शिवसेना को भी मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिलने की चर्चा है। पार्टी सांसद श्रीकांत शिंदे को मंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा मेरठ से सांसद और चर्चित अभिनेता अरुण गोविल का नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों के राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए भी फेरबदल की तैयारी की जा रही है। बिहार से महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और मध्य प्रदेश के खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा के नाम संभावित दावेदारों में बताए जा रहे हैं। वहीं, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को मंत्रिमंडल से बाहर किए जाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

सूत्रों का कहना है कि पंजाब की राजनीति को ध्यान में रखते हुए कुछ नए चेहरों को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक राज्य मंत्रियों के विभागों में बदलाव या उन्हें बाहर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि, केंद्र सरकार या भाजपा की ओर से अभी तक मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में फिलहाल इन सभी चर्चाओं और संभावनाओं की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।