ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान- पार्टी छोड़ने वालों के लिए टीएमसी के दरवाजे बंद, गरजते हुए बोलीं- 'गद्दारों' की टीएमसी में नहीं होगी वापसी
Kolkata: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी की संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि "गद्दारों" के लिए टीएमसी के दरवाजे बंद हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर गए और बाद में वापस लौटना चाहते हैं, उन्हें संगठन में दोबारा जगह नहीं दी जाएगी.
ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि टीएमसी के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा और पार्टी अनुशासन के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.
अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने भाजपा पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने विपक्षी दलों से अपील करते हुए कहा कि भाजपा का मुकाबला करने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन को एकजुट होकर काम करना होगा. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए विपक्षी एकता बेहद जरूरी है.
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने और जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को पहुंचाने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने की बात कही.
ममता बनर्जी के इस बयान को पश्चिम बंगाल की राजनीति और आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि टीएमसी नेतृत्व अब संगठन में अनुशासन और विपक्ष के खिलाफ संयुक्त रणनीति पर विशेष जोर दे रहा है.







