भारत-म्यांमार सीमा पर उग्रवादी हमला! असम राइफल्स का 1 जवान शहीद
National: अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा पर गश्त कर रहे असम राइफल्स के जवानों पर मंगलवार सुबह संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमले में एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों ने तलाशी और ऑपरेशन तेज कर दिया है.

गश्त के दौरान अचानक हुई गोलीबारी
अधिकारियों के मुताबिक, घटना मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे नामपोंग सर्कल के तहत नामपोंग नाला के पास हुई. उस समय 21 असम राइफल्स की एक टीम भारत-म्यांमार सीमा पर गश्त कर रही थी. इसी इलाके में सीमा पर बाड़ लगाने का काम भी चल रहा है.

बताया जा रहा है कि गश्ती दल पर संदिग्ध उग्रवादियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी. शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, हमले में हवलदार जानखोकाई कुकी (42) की मौत हो गई. गोलीबारी में चार अन्य जवान भी घायल हुए हैं.
घायल जवानों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. हालांकि, फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. उनके हेल्थ अपडेट का इंतजार किया जा रहा है.
हमले के बाद सुरक्षा बलों का ऑपरेशन तेज
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने भारत-म्यांमार सीमा से लगे इलाके में अभियान तेज कर दिया है. शुरुआती रिपोर्टों में हमले के पीछे NSCN (K-YA) से जुड़े उग्रवादियों के शामिल होने की आशंका जताई गई है. हालांकि, अभी तक हमलावरों की पहचान या संगठन की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
इस मामले में असम राइफल्स के आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है. सुरक्षा बलों की ओर से इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और हमले में शामिल संदिग्धों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
चांगलांग SP ने क्या कहा?
चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडु ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की है. उन्होंने चांगलांग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने का निर्देश दिया है.
SP ने बताया कि भारत-म्यांमार सीमा पर हुई घटना के संबंध में पुलिस को जानकारी मिली है और स्थानीय पुलिस अधिकारी से इसके बारे में विवरण एकत्र करने को कहा गया है.
भारत-म्यांमार सीमा पर संवेदनशील स्थिति
चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा को लंबे समय से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता रहा है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय सीमा के दूसरी तरफ विद्रोही समूहों की गतिविधियां होती रही हैं.
मंगलवार सुबह हुई गोलीबारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. फिलहाल हमले में शामिल लोगों की पहचान और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है. आधिकारिक पुष्टि और घायल जवानों की स्वास्थ्य स्थिति से जुड़ी जानकारी का इंतजार है.







