बलिया में गंगा स्नान के लिए उमड़े लाखों लोग, 236 CCTV और 2 ड्रोन से हुई निगरानी
Balia: उत्तर प्रदेश के बलिया में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। महर्षि भृगु की तपोभूमि पर ऐतिहासिक ददरी मेले और गंगा-तमसा संगम में महास्नान के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़ पड़े। मंगलवार, 24 नवंबर की सुबह से ही गंगा घाटों पर हर-हर गंगे के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान के बाद पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया।

इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी अधिक रही कि कई लोगों को संगम तट तक पहुंचने के लिए करीब 7 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। प्रशासन के अनुमान के मुताबिक, इस धार्मिक आयोजन में 8 से 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना थी। इनमें उत्तर प्रदेश के आसपास के जिलों के साथ बिहार से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
आधी रात से ही घाटों पर उमड़ने लगी भीड़

कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए सोमवार रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। आधी रात के बाद शिवरामपुर गंगा घाट पर स्नानार्थियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। सुबह होते-होते घाटों पर भारी भीड़ जमा हो गयी।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने महर्षि भृगु, दर्दर मुनि और बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। कई स्थानों पर धार्मिक अनुष्ठान और सेवा शिविर भी लगाए गए।
7 किलोमीटर पैदल चले श्रद्धालु, रास्ते में लगे सेवा शिविर
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने मेला क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाया था। अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गयी। इसके कारण कई श्रद्धालुओं को करीब 7 किलोमीटर पैदल चलकर संगम तट तक पहुंचना पड़ा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह सेवा शिविर लगाए थे। यहां चाय, पानी, नाश्ता और जरूरी दवाइयां उपलब्ध करायी गयीं। गंगा की रेती पर कई जगह लोग बाटी-चोखा बनाते और पारंपरिक अंदाज में मेले का आनंद लेते नजर आए।
236 CCTV कैमरे और 2 ड्रोन से निगरानी
लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
-
पूरे मेला क्षेत्र को 7 जोन और 16 सेक्टरों में बांटा गया।
-
236 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गयी।
-
2 ड्रोन के जरिए भीड़ पर नजर रखी गयी।
-
2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी।
-
पीएसी, होमगार्ड, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें सक्रिय रहीं।
-
घाटों पर गोताखोरों और नावों की व्यवस्था की गयी।
-
डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को भी लगाया गया।
140 रोडवेज बसों से श्रद्धालुओं को मिली सुविधा
श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए परिवहन विभाग ने 140 रोडवेज बसों का संचालन किया। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी थी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी और एंटी रोमियो स्क्वायड भी सक्रिय रहे।
धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है ददरी मेला
बलिया का ऐतिहासिक ददरी मेला पूर्वांचल की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मान्यता है कि इसका संबंध महर्षि भृगु के शिष्य दर्दर मुनि से है। कार्तिक पूर्णिमा के महास्नान के साथ इस मेले की रौनक और बढ़ जाती है। यहां लगने वाला पशु मेला, मीना बाजार और विभिन्न दुकानों में ग्रामीण संस्कृति की झलक देखने को मिलती है।
इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने ददरी मेले को एक बार फिर पूर्वांचल के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल होने का एहसास कराया।







