अगस्त में आफत बनेगा मॉनसून! कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी..गुजरात में सेना स्टैंडबाय, कई राज्यों में हाई अलर्ट
Monsoon Heavy Rain Alert: अगस्त की शुरुआत के साथ ही देशभर में मॉनसून और अधिक सक्रिय होने जा रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में अत्यधिक से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताई गई है. हालात को देखते हुए गुजरात के संवेदनशील इलाकों में सेना को स्टैंडबाय पर रखा गया है, जबकि राज्य और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमें भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए तैनात हैं. मौसम विभाग यानी आईएमडी के मुताबिक देश में बारिश की कमी घटकर 14 फीसदी रह गई है, जो पिछले हफ्तों के मुकाबले काफी बेहतर स्थिति है.

महाराष्ट्र के ऊपर बना गहरा दबाव इस सीजन का सबसे मजबूत मौसमी सिस्टम बन गया है और अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से भारी मात्रा में नमी खींच रहा है. इसी बीच गुजरात, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. गुजरात में सेना को स्टैंडबाय पर रखा गया है, अहमदाबाद में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, वहीं दिल्ली, गुरुग्राम, अलवर, बुलंदशहर, लुधियाना और बिहार में जलभराव और कटाव से जुड़ी घटनाएं सामने आई हैं. जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार यानि आज के लिए अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है.

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अगस्त के पहले सप्ताह में गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में अत्यधिक वर्षा की भी संभावना जताई गई है.
विशेषज्ञों के मुताबिक सक्रिय मॉनसूनी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी से लगातार मिल रही नमी के कारण बारिश का दौर तेज बना रहेगा. पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है.
आईएमडी की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश भर में मॉनसून कमजोर पड़ने की बजाय और मजबूत होने जा रहा है. मध्य भारत और उत्तर पश्चिम भारत में अब सामान्य बारिश दर्ज हो रही है, जबकि दक्षिण प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर भारत में अब भी कमी बनी हुई है.

गुजरात में प्रशासन हाई अलर्ट पर
गुजरात के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. संवेदनशील क्षेत्रों में राहत और बचाव दलों की तैनाती बढ़ा दी गई है. जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई के लिए सेना को स्टैंडबाय रखा गया है. स्थानीय प्रशासन लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील कर रहा है.
महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पिछले हफ्ते बारिश में साफ सुधार देखा गया है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में जल्द ही नए कम दबाव के क्षेत्र बनने की उम्मीद है, जिससे अगस्त की शुरुआत में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. अगर यही रुझान बना रहा तो जलाशयों में पानी बढ़ेगा और खरीफ फसलों को फायदा मिलेगा.
गुजरात में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक 13 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. अहमदाबाद में रेड अलर्ट जारी करते हुए स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए हैं. सूरत, वडोदरा, भावनगर, भरूच, आणंद, नर्मदा, तापी, डांग, छोटा उदयपुर, पंचमहल, दाहोद और महिसागर में भी हाई अलर्ट है. गांधीनगर में अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जयंती रवि ने सभी जिलों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तैयारियों की समीक्षा की और सभी अफसरों छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. हर जिले में 24 घंटे कंट्रोल रूम काम कर रहे हैं और एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं. जरूरत पड़ने पर सेना और वायुसेना को भी राहत कार्य के लिए तैयार रखा गया है.
हिमाचल प्रदेश में भी 27 जुलाई से 1 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहेगा. ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और शिमला में 31 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. राज्य में जुलाई महीने में बारिश लगभग सामान्य रही है, हालांकि हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और लाहौल-स्पीति में सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है.

बाढ़ और जलभराव का खतरा
लगातार बारिश के चलते कई नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि निचले इलाकों में जलभराव, शहरी बाढ़, सड़क यातायात बाधित होने और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है. पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा भी बना हुआ है.
लोगों के लिए जारी की गई सलाह
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है. मछुआरों को समुद्र में न जाने और पर्यटकों को संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगस्त के पहले सप्ताह तक देश के कई हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे राहत और बचाव एजेंसियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं.







