Newshaat_Logo

Nagaon Bypoll 2026: आज नागांव में बड़ा सियासी मुकाबला! BJP Vs कांग्रेस Vs अजमल, किसकी होगी जीत?

Guwahati:  असम की नागांव लोकसभा सीट पर आज, 6 अक्टूबर को उपचुनाव के लिए मतदान होगा. BJP के देवाशीष शर्मा, कांग्रेस की सिबामोनी बोरा और AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है. कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं. नागांव और मोरीगांव जिलों में कुल 2,307 मतदान केंद्रों पर वोटिंग होगी.
 
ASSAM ELECTION 2026

Guwahati:  असम की नागांव लोकसभा सीट पर मंगलवार, 6 अक्टूबर को उपचुनाव होने जा रहा है। मतदान को लेकर नागांव और मोरीगांव जिला प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार सुबह से ही मतदान दलों और चुनावकर्मियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। इस सीट पर BJP, कांग्रेस और AIUDF के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।

election 2026

उपचुनाव में BJP के देवाशीष शर्मा, कांग्रेस की सिबामोनी बोरा और AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल प्रमुख उम्मीदवार हैं। नागांव सीट पर इस बार कुल 15 उम्मीदवार मैदान में हैं। राजनीतिक रूप से यह मुकाबला BJP और कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है, जबकि अजमल की मौजूदगी ने चुनावी समीकरण को त्रिकोणीय बना दिया है।

11,535 मतदानकर्मी संभालेंगे चुनाव की कमान

मंगलवार के मतदान से पहले कुल 11,535 मतदान अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। इनमें 9,228 मतदान एवं पीठासीन अधिकारी शामिल हैं। इनके साथ सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई है।

मतदान दलों को तीन प्रमुख केंद्रों से रवाना किया गया। राहा और नागांव-बटाद्रवा विधानसभा क्षेत्रों के लिए टीमें नागांव बॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल से रवाना हुईं। वहीं रूपाहीहाट, सामगुरी और धींग के लिए डॉसन हायर सेकेंडरी मल्टी-पर्पस स्कूल तथा मोरीगांव, जगीरोड और लहरीघाट के लिए टीमें मोरीगांव कॉलेज से रवाना हुईं।

2,307 मतदान केंद्र, 624 संवेदनशील

नागांव लोकसभा क्षेत्र में कुल 2,307 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें नागांव जिले में 1,339 और मोरीगांव जिले में 968 मतदान केंद्र हैं। सुरक्षा की दृष्टि से इनमें से 624 मतदान केंद्रों को संवेदनशील माना गया है।

प्रशासन ने संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की है। नागांव जिले में 54 माइक्रो-ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं, जो मतदान के दौरान इन केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा 203 सेक्टर अधिकारी और 53 जोनल अधिकारी भी चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।

19 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे फैसला

नागांव लोकसभा क्षेत्र के आठ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 19,02,009 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 9,58,595 पुरुष, 9,43,364 महिला और 50 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची में 10,782 डी-वोटर्स भी दर्ज हैं।

मतदानकर्मियों की आवाजाही के लिए प्रशासन ने नागांव जिले में 584 और मोरीगांव जिले में 427 हल्के एवं भारी वाहनों की व्यवस्था की है। मतदान दलों के लिए भोजन, पार्किंग और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी इंतजाम किया गया है।

हिंसा रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स को अलग-अलग इलाकों में तैनात किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फ्लैग मार्च के साथ पुलिस पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है।

सामगुरी, धींग और रूपाहीहाट इलाकों में लोगों को शांतिपूर्ण मतदान के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से मोबाइल लाउडस्पीकर के जरिए संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं।

रिटर्निंग ऑफिसर और जिला उपायुक्त अरण्यक सैकिया ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी डर या बाहरी प्रभाव के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

BJP के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई, कांग्रेस की वापसी की कोशिश

नागांव उपचुनाव को असम की राजनीति में एक अहम मुकाबले के तौर पर देखा जा रहा है। BJP ने पूर्व IAS अधिकारी देवाशीष शर्मा को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा पर भरोसा जताया है। AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

इस सीट पर मतदान 6 अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना 9 अक्टूबर को की जाएगी।