National News: “30 बच्चों” वाले बयान पर बवाल: मौलाना रजवी ने धीरेंद्र शास्त्री को घेरा, कहा– यह झूठ और भड़काने वाली बात है
National News: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के “मुसलमानों के 30-30 बच्चे” वाले बयान पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शाहबुद्दीन रजवी बरेलवी भड़क गए हैं। उन्होंने इस बयान को गलत, भ्रामक और समाज में नफरत फैलाने वाला बताया है।
मौलाना रजवी ने साफ कहा कि मुसलमानों के 30 बच्चे होने की बात पूरी तरह बेबुनियाद है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि पूरे भारत में कोई एक भी ऐसा मुसलमान दिखा दिया जाए जिसके 30 बच्चे हों। यह संभव ही नहीं है। देश में करोड़ों मुसलमान रहते हैं, लेकिन किसी के भी 30 बच्चे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 6-7 बच्चों तक की बात समझ में आती है, मगर 30 कहना सिर्फ लोगों को भड़काने की कोशिश है।
उन्होंने आगे कहा कि संतान होना खुदा की बहुत बड़ी नेमत है। जिनके बच्चे नहीं होते, वही इस दर्द को समझ सकते हैं। ऐसे लोग दर-दर भटकते हैं, हर धर्मस्थल पर जाते हैं और सूफी संतों की दरगाहों में मन्नतें मांगते हैं। ऐसे में बच्चों को लेकर मजाक या तंज करना बिल्कुल गलत है।
मौलाना शाहबुद्दीन रजवी ने यह भी कहा कि वह पंडित धीरेंद्र शास्त्री का सम्मान करते हैं, क्योंकि वह एक धर्मगुरु हैं। लेकिन उन्होंने सलाह दी कि पंडित जी को खुद भी शादी करनी चाहिए, ताकि उन्हें बच्चों की परवरिश और शिक्षा की जिम्मेदारी का सही एहसास हो सके।
अंत में मौलाना ने सभी धर्मगुरुओं से अपील की कि वे संयमित भाषा का इस्तेमाल करें और ऐसे बयान देने से बचें, जिससे समाज में तनाव और गलतफहमी पैदा हो। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर लोगों को आपस में लड़ाने वाली बातों से देश और समाज दोनों को नुकसान होता है।







