National News: घर में मामूली विवाद बना मौत की वजह, बहन के धक्के से पानी के टैंक में डूबी 13 साल की लड़
कोटा/अयोध्या: उत्तर प्रदेश के कोटा क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। मामूली घरेलू विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि एक मासूम किशोरी की जान चली गई। पेंटिंग को लेकर शुरू हुआ बहनों का झगड़ा आखिरकार मौत में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक, अयोध्या में पेंटिंग का काम करने वाला युवक अपने परिवार के साथ गांव में रहता है। घर में 15 और 13 साल की दो बेटियां थीं। रविवार शाम मां बड़ी बेटी के साथ पड़ोस में जन्मदिन समारोह में गई थी, जबकि छोटी बेटी घर पर अकेली थी।
इसी दौरान दोनों बहनों के बीच पेंटिंग को लेकर कहासुनी हो गई। छोटी बहन ने बड़ी बहन की बनाई पेंटिंग का मज़ाक उड़ाया, जिससे गुस्से में आकर बड़ी बहन ने उसे थप्पड़ मार दिया। हाथापाई के दौरान छोटी बहन घर के पास बने करीब सात फीट गहरे पानी के टैंक में गिर गई और डूबने लगी।
बताया जा रहा है कि बड़ी बहन ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की और डर के कारण किसी को शोर भी नहीं मचाया। बाद में वह सामान्य तरीके से जन्मदिन की पार्टी में चली गई।
कुछ देर बाद जब मां घर लौटी तो छोटी बेटी गायब मिली। तलाश के बाद देर रात उसका शव पानी के टैंक में मिला। सूचना पर थाना प्रभारी विमलेश कुमार मौके पर पहुंचे, शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले—कपड़े हल्के गीले थे, चेहरे पर ज्यादा शिकन नहीं थी और टैंक के पास बालों की क्लिप पड़ी मिली। इन तथ्यों के आधार पर बड़ी बहन पर शक गहराया। कड़ी पूछताछ में उसने पूरा सच कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी बड़ी बहन के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। यह घटना एक बार फिर बताती है कि गुस्से और लापरवाही के पल किस तरह ज़िंदगी तबाह कर सकते हैं।







