मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर दिल्ली में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, 10 जून को होगी बड़ी बैठक
सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहेंगे। इसके अलावा बिहार सरकार के मंत्री नितिन नवीन सहित एनडीए के विभिन्न घटक दलों के प्रमुख नेता भी बैठक में भाग लेंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों की समीक्षा करना, जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करना तथा आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा करना बताया जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह बैठक केवल उपलब्धियों के प्रस्तुतीकरण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आगामी चुनावी चुनौतियों और एनडीए की भविष्य की रणनीति पर भी महत्वपूर्ण मंथन हो सकता है। ऐसे में 10 जून की यह बैठक राष्ट्रीय राजनीति के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाली इस बैठक पर देशभर की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि यहां से एनडीए के आगामी एजेंडे और रणनीति की दिशा तय होने की संभावना है।







