नेपाल के PM का पहला भारत दौरा, मोदी के साथ बैठक में बन सकती है नई रणनीति
भारत-नेपाल संबंधों को मिलेगी नई मजबूती? नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को दो दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे. सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहम बैठक होगी। इसमें ऊर्जा, जलविद्युत, व्यापार, रेलवे और कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी. रक्सौल-काठमांडू रेल लिंक और अयोध्या-जनकपुर ट्रेन सेवा को लेकर भी महत्वपूर्ण पहल की उम्मीद है. बैठक में कई द्विपक्षीय समझौतों पर सहमति बन सकती है.
India-Nepal: भारत और नेपाल के रिश्तों में एक नए अध्याय की शुरुआत हो सकती है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह अपनी पहली भारत यात्रा पर रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक होगी। इस बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक, सामरिक और बुनियादी ढांचे से जुड़े सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है।

बालेंद्र शाह का एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने स्वागत किया। मार्च में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। इस दौरे को भारत-नेपाल संबंधों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बिजली कारोबार और निवेश पर होगी चर्चा
The Rt. Hon. Prime Minister, Mr Balendra Shah, departed for New Delhi today on a two-day State Visit to India. He was seen off at the Airport by Hon. Biraj Bhakta Shrestha, Minister for Energy, Water Resources and Irrigation; Hon. Sudhan Gurung, Minister for Home Affairs; Hon. Jagdish Kharel, Member of the Parliament and Spokesperson of Rastriya Swatantra Party; and senior government officials at the TIA.
— PMO (@PM_nepal_) November 22, 2026
बैठक के एजेंडे में ऊर्जा और जलविद्युत सहयोग प्रमुख रूप से शामिल हैं। नेपाल भारत को बिजली निर्यात करता है। वर्ष 2025-26 में बिजली निर्यात से नेपाल को लगभग 1,800 करोड़ नेपाली रुपये की कमाई हुई। दोनों देश ऊर्जा क्षेत्र में अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के विकल्पों पर विचार कर सकते हैं।
व्यापार और निवेश भी बातचीत का अहम हिस्सा होंगे। भारत नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक और निवेश साझेदार है। नेपाल के कुल वस्तु निर्यात का लगभग 80 प्रतिशत भारत आता है, जबकि नेपाल में होने वाले कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का करीब एक-तिहाई हिस्सा भारत से मिलता है।
रक्सौल-काठमांडू रेल परियोजना से बढ़ेगी कनेक्टिविटी?
भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण चर्चा हो सकती है। प्रस्तावित रक्सौल-काठमांडू रेल लिंक से दोनों देशों के बीच यात्रियों और माल की आवाजाही को नई सुविधा मिल सकती है।
इसके अलावा अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने की योजना भी चर्चा में है। इससे धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। दोनों प्रधानमंत्री नेपाल में कुछ परियोजनाओं का वर्चुअल उद्घाटन भी कर सकते हैं।
भारत के लिए नेपाल क्यों है महत्वपूर्ण?
भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक संबंध हैं। दोनों देशों के रिश्तों को अक्सर 'रोटी-बेटी' के संबंध के रूप में बताया जाता है। नेपाल चारों तरफ से जमीन से घिरा देश है और समुद्र तक पहुंचने के लिए उसे भारतीय मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ता है। व्यापार, परिवहन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए भी भारत की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कालापानी-लिपुलेख विवाद पर भी नजर
दोनों देशों के बीच सहयोग के कई अवसर हैं, लेकिन सीमा विवाद एक संवेदनशील मुद्दा बना हुआ है। लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी को लेकर भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से मतभेद हैं। मई में नेपाल की ओर से इस विवाद के समाधान में चीन और ब्रिटेन की भागीदारी की बात उठाए जाने के बाद तनाव बढ़ा था।
भारत ने किसी तीसरे पक्ष की भूमिका को खारिज करते हुए कहा था कि सीमा विवाद का समाधान दोनों देशों के बीच मौजूद द्विपक्षीय तंत्र के जरिए होना चाहिए। भारत इन क्षेत्रों को उत्तराखंड का हिस्सा मानता है।
बैठक के बाद हो सकते हैं बड़े ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह की मुलाकात से ऊर्जा, व्यापार, रेलवे और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नई पहल की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर सहमति बनने और उनके आदान-प्रदान की संभावना भी जताई जा रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सोमवार की बैठक से भारत और नेपाल के रिश्तों को कितनी नई मजबूती मिलती है।







