Movie prime

New Delhi: नितिन नवीन आज दाखिल करेंगे नामांकन, बीजेपी अध्यक्ष बनने की तैयारी, संगठन में बड़े बदलाव के संकेत

 
Nitin navin

New Delhi: बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं। उनके नाम पर मुहर लगना राजनीतिक हलकों में चौंकाने वाला फैसला माना जा रहा है, क्योंकि बहुत कम लोगों को उम्मीद थी कि पार्टी नेतृत्व इस नाम को आगे बढ़ाएगा।

सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन के अध्यक्ष बनते ही संगठन में बड़े स्तर पर फेरबदल हो सकता है। ऊपर से लेकर नीचे तक कई बदलाव तय माने जा रहे हैं। पार्टी में नए और सक्रिय नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं, जबकि लंबे समय से निष्क्रिय भूमिका निभा रहे नेताओं को संगठनात्मक पदों से हटाकर कार्यकर्ता की भूमिका में लाया जा सकता है।

फिलहाल बीजेपी में छह राष्ट्रीय महासचिव हैं। जानकारी मिल रही है कि सुनील बंसल का पद बरकरार रह सकता है, जबकि बाकी पदों पर बदलाव संभव है। विनोद तावड़े को भी नई जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है।

पार्टी की मीडिया टीम में भी बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। प्रवक्ताओं की सूची में नए और तेजतर्रार चेहरों को शामिल किया जा सकता है। अध्यक्ष पद की औपचारिक घोषणा के बाद नई टीम का ऐलान जल्द किया जाएगा। माना जा रहा है कि टीम पहले से ही तैयार है।

नितिन नवीन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की रणनीतिक टीम के साथ मिलकर काम करना होगा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नए अध्यक्ष के तौर पर वे बीजेपी संगठन को किस तरह नई दिशा देते हैं और पार्टी को आगे कैसे ले जाते हैं।