New Delhi: RJD दफ्तर में जगदेव बाबू की जयंती पर विचार मंथन, संजय यादव समेत कई सांसदों ने सामाजिक न्याय की राजनीति को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
New Delhi: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय कार्यालय में अमर शहीद जगदेव प्रसाद बाबू की जयंती के मौके पर एक विशेष संगोष्ठी और पत्रकार मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विषय था,“उपेक्षित वर्गों को सशक्त बनाने की राजनीति और समकालीन दौर में जगदेव बाबू के विचार”।
कार्यक्रम का आयोजन राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और संयोजक प्रो. सुबोध कुमार मेहता की ओर से किया गया। इस मौके पर देश के वरिष्ठ पत्रकार जय शंकर गुप्ता और विनोद अग्निहोत्री मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। दोनों वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय, बराबरी और शोषित वर्गों के अधिकारों को लेकर जगदेव बाबू के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।
प्रो. सुबोध मेहता ने कहा कि जगदेव प्रसाद बाबू बिहार की समाजवादी राजनीति के मजबूत स्तंभ रहे हैं। उन्होंने हमेशा शोषित और वंचित वर्गों के हक के लिए संघर्ष किया। सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण ही उन्हें “भारत लेनिन” कहा जाता है। वर्ष 1974 में सामाजिक परिवर्तन की लड़ाई के दौरान वे शहीद हो गए, लेकिन उनके विचार आज भी राजनीति और जनआंदोलनों को दिशा दे रहे हैं।
संगोष्ठी में मौजूद लोगों ने संकल्प लिया कि वे जगदेव बाबू के बताए रास्ते पर चलते हुए सामाजिक न्याय, समानता और समावेशी समाज के निर्माण के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
इस कार्यक्रम में लोकसभा में राजद संसदीय दल के नेता अभय कुशवाहा, राज्यसभा सांसद संजय यादव, बक्सर से लोकसभा सांसद सुधाकर सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बुद्धिजीवी वर्ग के लोग मौजूद रहे। सभी वक्ताओं ने सामाजिक समरसता और समावेशी राजनीति को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
कार्यक्रम के बाद बिहार और संसद से जुड़ी खबरों को कवर करने वाले पत्रकारों के साथ एक पत्रकार मिलन समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए।







