Newshaat_Logo

यूपी में जिला प्रभारियों की नई सूची जारी, कई मंत्रियों को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी

 
यूपी में जिला प्रभारियों की नई सूची जारी, कई मंत्रियों को मिली अतिरिक्त जिम्मेदारी
Up News: उत्तर प्रदेश सरकार ने विभिन्न जिलों के लिए प्रभारी मंत्रियों की नई जिम्मेदारियों का निर्धारण किया है। इस फेरबदल के तहत कई मंत्रियों को अतिरिक्त जिलों का प्रभार सौंपा गया है, ताकि विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की बेहतर निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

नई व्यवस्था के अनुसार, वरिष्ठ मंत्री भूपेंद्र चौधरी को आगरा के साथ-साथ कासगंज जिले की भी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मंत्री मनोज पांडेय को सीतापुर का प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा अजीत पाल को फतेहपुर, समेंद्र तोमर को मुजफ्फरनगर, हंसराज विश्वकर्मा को सोनभद्र और सुरेंद्र दलेर को बुलंदशहर जिले का प्रभार सौंपा गया है।

सरकार का मानना है कि प्रभारी मंत्रियों की सक्रिय निगरानी से जिलों में विकास कार्यों की गति बढ़ेगी और जनसमस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। नए प्रभारियों को संबंधित जिलों की योजनाओं की समीक्षा और प्रशासनिक समन्वय की जिम्मेदारी भी दी गई है।

इधर, सीतापुर जिले में पूर्व सांसद राजेश वर्मा से जुड़े एक विवाद ने भी सुर्खियां बटोरी हैं। जानकारी के अनुसार, भूमि विवाद को लेकर आरोपी शादाब मंगलवार को कथित रूप से हथियार लेकर पूर्व सांसद के आवास के बाहर पहुंच गया था। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और हंगामा किया।

घटना की सूचना मिलने के बाद तंबौर थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था। हालांकि पुलिस उसे थाने लेकर जा रही थी, तभी वह रास्ते में पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।