Newshaat_Logo

बंगाल में साइबर ठगी का नया ठिकाना! फ्लैट से चल रहा था कॉल सेंटर, 8 लोग पकड़े गए

राज्य में अवैध कॉल सेंटर के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक और ठिकाने का खुलासा किया है. IT पार्क के बाद अब एक रिहायशी अपार्टमेंट के कमरे में कॉल सेंटर संचालित होने का मामला सामने आया है. पुलिस ने छापेमारी कर मौके से 8 लोगों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल मच गई है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कॉल सेंटर के जरिए किस तरह की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.
 
WEST BENGAL

Siliguri:  पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में अवैध कॉल सेंटर के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। माटीगाड़ा के लैक्सिकों मोड़ स्थित एक रिहायशी अपार्टमेंट में चल रहे कॉल सेंटर पर गुरुवार तड़के पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। इस दौरान आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 10 से 15 मोबाइल फोन और आठ से अधिक लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं।

लखनऊ में साइबर जालसाज VoIP तकनीक से अमेरिकी नागरिकों को बनाते थे निशाना,  डिजिटल फॉरेंसिक रिपोर्ट में हुआ खुलासा - cyber ​​fraudsters targeted us  citizens using voip ...

कॉल सेंटर के जरिए विदेशों में फोन कर लोगों के साथ कथित तौर पर ठगी की जा रही थी।

IT पार्क में कार्रवाई के बाद बदला ठिकाना

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इससे पहले 11 सितंबर को माटीगाड़ा के आईटी पार्क में दो अवैध कॉल सेंटरों के खिलाफ छापेमारी की गई थी। उस कार्रवाई में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपितों ने अपना ठिकाना बदल लिया और लैक्सिकों मोड़ स्थित एक अपार्टमेंट में कमरा किराए पर लेकर गतिविधियां शुरू कर दीं।

रात के अंधेरे में चलता था ठगी का खेल

जांच में पता चला है कि अपार्टमेंट में संचालित कॉल सेंटर मुख्य रूप से रात के समय सक्रिय रहता था। यहां से विदेशों में लोगों को फोन किए जाते थे और कथित रूप से ठगी की जाती थी। गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाई और गुरुवार तड़के अचानक छापेमारी की। मौके से आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मोबाइल और लैपटॉप जब्त, साइबर पुलिस कर रही जांच

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 10 से 15 मोबाइल फोन और आठ से ज्यादा लैपटॉप जब्त किए हैं। इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच से कॉल सेंटर के कामकाज, विदेशी संपर्कों और कथित ठगी के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी मिलने की उम्मीद है।

इस मामले में माटीगाड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी आठ आरोपितों को गुरुवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया।

पहले भी गिरफ्तार हुआ था कॉल सेंटर का मास्टरमाइंड

गौरतलब है कि 11 सितंबर को माटीगाड़ा आईटी पार्क में हुई छापेमारी के दौरान दो अवैध कॉल सेंटरों के संचालन के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। इसके बाद पुलिस ने मामले में कथित मास्टरमाइंड को कोलकाता से गिरफ्तार किया था।

अब अपार्टमेंट में दोबारा कॉल सेंटर संचालित होने का खुलासा होने के बाद पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि गिरफ्तार आरोपितों के तार पहले पकड़े गए लोगों और विदेशी ठगी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं।