Newshaat_Logo

UP BJP में संगठन का नया सेटअप, विनोद तावड़े के साथ 4 सह-प्रभारी; जानिए किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी

 
UP BJP में संगठन का नया सेटअप, विनोद तावड़े के साथ 4 सह-प्रभारी; जानिए किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी

UP News: उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे में एक और बड़ा बदलाव किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश के प्रभारी महासचिव विनोद तावड़े के साथ काम करने के लिए चार सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। नई सूची में जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप शर्मा और अनंत ओझा को यूपी का सह-प्रभारी बनाया गया है।

जगदीश पटेल को इससे पहले ही यूपी का सह-प्रभारी बनाया जा चुका था। अब विस्तृत सूची जारी होने के बाद उनके साथ तीन और नेताओं को यह जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा की ओर से घोषित नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।

यूपी संगठन में चार सह-प्रभारियों की टीम

विनोद तावड़े के साथ काम करने वाली टीम में अलग-अलग राज्यों से आने वाले नेताओं को जगह दी गई है। जगदीश पटेल गुजरात, मेधा कुलकर्णी महाराष्ट्र, जबकि डॉ. प्रदीप शर्मा और अनंत ओझा झारखंड से जुड़े नेता हैं।

जगदीश पटेल भाजपा के राष्ट्रीय सचिव हैं और गुजरात विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं। मेधा कुलकर्णी महाराष्ट्र से राज्यसभा सदस्य हैं और इससे पहले विधायक भी रह चुकी हैं। वहीं डॉ. प्रदीप शर्मा झारखंड से राज्यसभा सांसद हैं और भाजपा संगठन में महासचिव की भूमिका निभा चुके हैं। अनंत ओझा झारखंड से दो बार विधायक रह चुके हैं और प्रदेश भाजपा संगठन में महासचिव के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

यूपी के साथ कई राज्यों में बदली संगठन की जिम्मेदारी

भाजपा ने सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई व्यवस्था घोषित की है। पार्टी ने 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं।

उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी संभाल रहे विनोद तावड़े के अलावा यूपी से जुड़े कई नेताओं को भी दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी, जबकि हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक का प्रभारी बनाया गया है।

यूपी के इन नेताओं को भी मिली दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी

नई सूची में उत्तर प्रदेश से जुड़े नेताओं को अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रभारी

• स्मृति ईरानी — छत्तीसगढ़ और हरियाणा
• हरीश द्विवेदी — बिहार और कर्नाटक
• श्रीकांत शर्मा — हिमाचल प्रदेश
• महेंद्र पांडे — चंडीगढ़

सह-प्रभारी

• रेखा वर्मा — मध्य प्रदेश
• संगीता यादव — बिहार
• भोला सिंह — हरियाणा
• दर्शना सिंह — हिमाचल प्रदेश
• स्वदेश सिंह — ओडिशा

इन नियुक्तियों के साथ भाजपा ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के लिए राज्यों में प्रभारी और सह-प्रभारी की टीम को नए सिरे से तय किया है। उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े के साथ चार सह-प्रभारियों की नियुक्ति के बाद अब प्रदेश संगठन में जिम्मेदारियों का नया ढांचा स्पष्ट हो गया है।