Newshaat_Logo

नवरात्रि पर मांसाहारी बंद! दिल्ली में भाजपा विधायक ने उठाया बड़ा कदम, भेजा फास्ट फूड कंपनियों को पत्र

 
नवरात्रि पर मांसाहारी बंद! दिल्ली में भाजपा विधायक ने उठाया बड़ा कदम, भेजा फास्ट फूड कंपनियों को पत्र

National news: दिल्ली के शकरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक करनैल सिंह ने आगामी नवरात्रि पर्व के मद्देनजर प्रमुख फास्ट फूड चेन—डोमिनोज़, मैकडॉनल्ड्स और केएफसी को पत्र लिखकर उनसे मांसाहारी भोजन परोसने से बचने की अपील की है। उन्होंने इन कंपनियों से आग्रह किया है कि वे नवरात्रि के दौरान अपने मेन्यू में मांसाहारी आइटम्स को शामिल न करें, ताकि भक्तों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जा सके।

इस पत्र में करनैल सिंह ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा दिल्ली अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, भाजपा दिल्ली संगठन मंत्री पवन राणा और दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा को भी संबोधित किया है। उन्होंने इन अधिकारियों से भी इस मुद्दे पर ध्यान देने और आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

इससे पहले, भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी ने भी दिल्ली में मांसाहारी दुकानों को नवरात्रि के दौरान बंद करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि नवरात्रि के दौरान मांसाहारी दुकानों का खुला होना भक्तों की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने दिल्ली पुलिस और संबंधित अधिकारियों से इस मुद्दे पर कार्रवाई करने की अपील की थी।

इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता अभिषेक सिंहवी ने दिल्ली भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा था कि यह कदम समुदायों के बीच विभाजन को बढ़ावा देने वाला है और इससे सामाजिक सौहार्द्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने इसे ‘घृणा-प्रेरित एजेंडा’ करार दिया और कहा कि दिल्ली की जनता ने विकास की उम्मीद की थी, न कि ऐसे विवादास्पद मुद्दों की।

इससे पहले, 2022 में भी दक्षिण दिल्ली नगर निगम के मेयर ने नवरात्रि के दौरान मांसाहारी दुकानों को बंद करने का निर्देश दिया था, जिसे लेकर बाजारों में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। कई दुकानदारों ने इसे राजनीतिक चाल बताते हुए विरोध जताया था।

इस बार भी, भाजपा विधायक करनैल सिंह के पत्र ने दिल्ली में धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं के सम्मान को लेकर एक नई बहस को जन्म दिया है। अब यह देखना होगा कि संबंधित कंपनियां और अधिकारी इस मुद्दे पर क्या कदम उठाते हैं।