अब फटाफट बुक होगी ट्रेन टिकट, IRCTC ला रहा है नया Portal; तत्काल बुकिंग भी होगी आसान
IRCTC News: भारतीय रेलवे जल्द ही यात्रियों को तेज और बेहतर ऑनलाइन टिकट बुकिंग का अनुभव देने के लिए IRCTC पोर्टल का नया बीटा वर्जन लॉन्च करने की तैयारी में है. नए प्लेटफॉर्म का उद्देश्य टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली तकनीकी दिक्कतों, वेबसाइट स्लो होने और अधिक ट्रैफिक की समस्या को कम करना है. इसके लिए रेलवे तकनीकी विशेषज्ञों और छात्रों के साथ मिलकर नए पोर्टल की समीक्षा कर रहा है, ताकि लॉन्च से पहले सभी कमियों को दूर किया जा सके.

नई वेबसाइट में यूजर इंटरफेस (UI) को पहले से अधिक आसान और आधुनिक बनाया जा रहा है. इसके साथ ही हाई ट्रैफिक के दौरान भी पोर्टल की क्षमता बढ़ाई जाएगी, जिससे तत्काल (Tatkal) और सामान्य टिकट बुकिंग पहले की तुलना में अधिक तेज और सुचारु हो सकेगी. रेलवे का लक्ष्य है कि यात्रियों को कम समय में टिकट बुक करने और वेबसाइट क्रैश जैसी समस्याओं से राहत मिले.
रेलवे के अनुसार, आईआरसीटीसी और सीआरआईएस के अधिकारियों ने शुक्रवार को एमएनआईटी, जयपुर के स्टूडेंट्स से मुलाकात की और नई आईआरसीटीसी वेबसाइट के बीटा वर्जन का अनुभव किया. अधिकारियों ने नए बीटा वर्जन के लॉन्च से पहले और फीडबैक मांगा है.
खास बात यह है कि कुछ हफ़्ते पहले, एमएनआईटी, जयपुर के स्टूडेंट्स ने आईआरसीटीसी वेबसाइट में दिक्कतों की ओर इशारा किया था, उस समय केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वादा किया था कि इसे 15 जुलाई तक ठीक कर दिया जाएगा.
![]()
IRTC ने बीटा वर्जन में चार बड़े सुधार किए
- बदलावों की बात करें तो अब टिकट बुक करते समय चमकदार और परेशान करने वाले ग्राफिक्स के साथ विज्ञापन नहीं दिखेंगे. कैप्चा को आसान और छोटा कर दिया है, जिससे लॉगिन में टाइम ना लगे.
- यात्रियों को अब अलग-अलग क्लास जैसे स्लीपर, 3एसी, 2एसी पर क्लिक करके सीट चेक नहीं करनी होगी. सभी क्लास की मौजूद सीट एक साथ एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी.
- टिकट बुक करने की प्रक्रिया को छोटा कर दिया है. यानी पहले के मुकाबले अब बहुत कम स्टेप्स में आपकी टिकट बुक हो जाएगी.
- अक्सर यात्रियों को हर बार पूरी डिटेल भरनी पड़ती है. अब पैसेंजर्स की जानकारी सेव रहेगी, जिससे हर बार डिटेल भरने की जरूरत नहीं होगी.
मंत्रालय ने कहा कि नई आईआरसीटीसी वेबसाइट को अभी भारतीय रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन के साथ जोड़ा जा रहा है.
रेलवे अधिकारी ने कहा, "क्योंकि पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी साथ-साथ बदला जा रहा है, इसलिए पूरी तरह से काम करने वाला नया आईआरसीटीसी पोर्टल कुछ महीनों में उपलब्ध हो जाएगा." क्योंकि एमएनआईटी के स्टूडेंट्स उत्प्रेरक थे, इसलिए आईआरसीटीसी पोर्टल के बीटा वर्जन का रिव्यू 10 जुलाई को जयपुर में एमएनआईटी के स्टूडेंट्स ने किया.
40 साल पुराना सिस्टम होगा अपग्रेड
इसके साथ ही, रेलवे चार दशक पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी नया रूप दे रहा है, जो अलग-अलग ट्रेन बुकिंग ऐप्स को पावर देता है. इसके लिए बहुत काम करना पड़ा, क्योंकि अपग्रेडेशन के इस पूरे सफ़र में सिस्टम को ऑपरेट करना था. रेलवे बहुत जल्द नया पैसेंजर रिज़र्वेशन इंजन लॉन्च करेगा.
RailOne ऐप अब 4 करोड़ डाउनलोड पार कर चुका है. यह सबसे बड़ा रेलवे टिकट बुकिंग ऐप बन गया है. RailOne ऐप में सभी रेलवे सर्विस एक ही जगह पर उपलब्ध हैं. तत्काल बुकिंग को लेकर कई कदम उठाए गए हैं. फिर भी यह एक लगातार लड़ाई है. कुछ सुधार हुआ है, लेकिन हमें और कोशिशें करने की ज़रूरत है. हम अपनी कोशिशें जारी रखेंगे.







