राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर गरमाई सियासत: अयोध्या पहुंचे अजय राय, बोले- ‘आस्था के नाम पर हो रहा भ्रष्टाचार’
Ayodhya News: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद ने अब राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के बाद कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर योगी सरकार और मंदिर प्रबंधन को घेरना शुरू कर दिया है। गुरुवार को अयोध्या पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और चढ़ावे के प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े किए।
मीडिया से बातचीत में अजय राय ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, लेकिन चढ़ावे और संपत्तियों को लेकर लगातार सामने आ रहे आरोप लोगों के विश्वास को आहत कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यह मामला सिर्फ कुछ लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे बड़े स्तर पर गड़बड़ियों की आशंका है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मंदिर से जुड़े कई मामलों में पारदर्शिता की कमी दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जमीन खरीद-बिक्री से लेकर चढ़ावे के प्रबंधन तक कई सवाल उठे हैं, जिनका जवाब अब तक स्पष्ट रूप से नहीं दिया गया है। अजय राय ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
एसआईटी जांच पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के संवेदनशील मामले में स्वतंत्र और विश्वसनीय जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने सुझाव दिया कि मामले की जांच किसी वर्तमान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए।
अजय राय ने भाजपा और संघ परिवार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद को दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि जनता पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावे और कीमती वस्तुओं के प्रबंधन को लेकर उठे आरोपों की जांच के लिए राज्य सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। जांच टीम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। इसी बीच विपक्ष लगातार जांच की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठा रहा है, जिससे यह मामला अब राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।







