Newshaat_Logo

राम मंदिर दानपात्र विवाद पर अयोध्या में पोस्टर वॉर तेज, सपा-कांग्रेस पर निशाना साधने वाले बैनर हटाए गए

 
राम मंदिर दानपात्र विवाद पर अयोध्या में पोस्टर वॉर तेज, सपा-कांग्रेस पर निशाना साधने वाले बैनर हटाए गए

UP News: राम मंदिर दानपात्र से कथित धन चोरी के मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मुद्दे पर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप के साथ अब पोस्टर वॉर भी शुरू हो गया है। शहर के कई प्रमुख इलाकों में लगाए गए पोस्टरों में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा गया, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अधिकांश पोस्टर हटवा दिए।

जानकारी के अनुसार, शहर में लगाए गए बड़े-बड़े पोस्टरों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह यादव की तस्वीरें लगाई गई थीं। इन पोस्टरों में राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले पर सपा नेताओं के बयानों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर राजनीतिक हमला किया गया था।

हालांकि, सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति लगाए गए पोस्टरों पर प्रशासन ने सख्ती दिखाई। अयोध्या पुलिस और प्रशासन की टीम ने धर्म पथ सहित शहर के कई प्रमुख मार्गों से पोस्टर और बैनर हटवा दिए। कई स्थानों पर पोस्टर फटे और आधे हटे हुए भी दिखाई दिए, जिससे साफ है कि प्रशासन ने अभियान चलाकर उन्हें हटाया।

राम मंदिर दानपात्र से जुड़ा मामला अब केवल जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह राजनीतिक बहस का भी बड़ा मुद्दा बन गया है। एक ओर विपक्ष इस मामले को लेकर सरकार और ट्रस्ट पर सवाल उठा रहा है, तो दूसरी ओर सत्ता पक्ष विपक्ष के आरोपों का जवाब पोस्टरों और बयानों के जरिए दे रहा है।

फिलहाल, प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति लगाए गए पोस्टर और बैनर हटाने की कार्रवाई नियमों के तहत की गई है। वहीं, दानपात्र से कथित धन चोरी के मामले की जांच भी जारी है।