Newshaat_Logo

Prayagraj Ganga Bridge: DM का अल्टीमेटम! 10 दिसंबर तक पुल की एक लेन नहीं खुली तो FIR

प्रयागराज में गंगा नदी पर बन रहे छह लेन पुल के निर्माण में देरी पर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है. DM मनीष कुमार वर्मा ने निर्माण एजेंसी को 10 दिसंबर तक कम से कम एक लेन चालू करने का अल्टीमेटम दिया है. ऐसा नहीं होने पर FIR समेत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है. पुल का निर्माण फरवरी 2024 तक पूरा होना था, लेकिन अब तक इसकी समयसीमा छह बार बढ़ाई जा चुकी है. माघ मेले से पहले पुल चालू कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.
 
GANGA BRIDGE

Prayagraj: प्रयागराज में गंगा नदी पर बन रहे छह लेन पुल के निर्माण में लगातार हो रही देरी को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने गुरुवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि 10 दिसंबर तक पुल की कम से कम एक लेन हर हाल में यातायात के लिए खोल दी जाए। ऐसा नहीं होने पर जिम्मेदार संस्था के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने समेत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

980 करोड़ का 10 KM लंबा सिक्स लेन ब्रिज, प्रयागराज वालों को तोहफा, लखनऊ और  अयोध्या जाने वालों की भी बल्ले-बल्ले

बार-बार बढ़ी डेडलाइन, अब प्रशासन का आखिरी अल्टीमेटम

गंगा पुल के निर्माण की समयसीमा पहले भी कई बार बढ़ाई जा चुकी है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2 नवंबर को परियोजना का निरीक्षण करते हुए पहली लेन को 25 से 30 नवंबर के बीच चालू करने और दूसरी लेन को 25 दिसंबर तक शुरू करने का निर्देश दिया था। लेकिन निर्माण की रफ्तार धीमी रहने से लक्ष्य पूरा होने पर सवाल खड़े हो गए हैं।

अब जिलाधिकारी ने 10 दिसंबर की समयसीमा तय करते हुए निर्माण एजेंसी को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

माघ मेले से पहले पुल चालू कराने की चुनौती

प्रयागराज में माघ मेले की तैयारियों को देखते हुए इस पुल का निर्माण पूरा होना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुल शुरू होने से गंगा के दोनों किनारों के बीच आवागमन आसान होगा। साथ ही शहर की सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

प्रशासन चाहता है कि माघ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। इसी वजह से निर्माण एजेंसी पर जल्द से जल्द काम पूरा करने का दबाव बढ़ाया गया है।

फरवरी 2024 में पूरा होना था निर्माण, छह बार बढ़ी समयसीमा

इस छह लेन पुल का निर्माण फरवरी 2024 तक पूरा होना था। लेकिन निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं होने के कारण इसकी डेडलाइन अब तक छह बार बढ़ाई जा चुकी है। इसके बावजूद परियोजना अधूरी है।

लगातार देरी के बाद अब प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 10 दिसंबर तक पहली लेन शुरू कराने का लक्ष्य पूरा करना होगा। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि निर्माण एजेंसी इस बार तय समयसीमा का पालन कर पाती है या नहीं।