पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन की तैयारी तेज, बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की बड़ी बैठक कल, मुख्यमंत्री के नाम और शपथ ग्रहण की तारीख पर बनेगा अंतिम फैसला
West Bengal: पश्चिम बंगाल में सत्ता में आने के बाद भाजपा कल यानी मंगलवार को बड़ी बैठक करने जा रही है. विधानसभा दल के नेता के चुनाव को लेकर यह अहम बैठक न्यूटाउन के एक होटल में होगी. इसी बैठक में यह तय हो सकता है कि विधानसभा दल का नेता कौन होगा और अगली सरकार का मुख्यमंत्री कौन बनेगा.
सूत्रों के मुताबिक, कल अमित शाह या राजनाथ सिंह राज्य में मौजूद रह सकते हैं. विजयी उम्मीदवारों को बुलाकर कोलकाता भेजा जाएगा और उनकी मौजूदगी में नेता का चयन किया जाएगा. कल अमित शाह या राजनाथ सिंह नव निर्वाचित विधायकों से नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा भी कर सकते हैं, हालांकि इस पर आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है.
किस दिन होगा बंगाल में सीएम का शपथ ग्रहण
इसी बीच नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण को लेकर भी तस्वीर साफ होती दिख रही है. सूत्रों का कहना है कि बीजेपी नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को रख सकते हैं. बताया जा रहा है कि यह दिन 25 बैशाख है जिसे शुभ माना जा रहा है.
दूसरी ओर, भाजपा की जीत के बाद नबन्ना में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. नबन्ना समेत सभी सरकारी कार्यालयों में केंद्रीय बल तैनात हैं. फाइलों के साथ किसी के भी प्रवेश और निकास पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.पुलिस और केंद्रीय बलों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी व्यक्ति फाइलों के साथ बाहर न जा सके. तलाशी के बाद ही नबन्ना के कर्मचारियों को छोड़ने की अनुमति दी जा रही है. सत्ता परिवर्तन की तैयारियों के बीच प्रशासनिक सतर्कता भी चरम पर है.







