राधा अष्टमी पर बरसाना में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, 25 लाख श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा से लेकर यातायात तक खास इंतजाम
UP News: श्री राधा अष्टमी के पर्व को लेकर बरसाना में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 19 सितंबर को प्रसिद्ध श्री लाडली जी मंदिर में राधारानी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान करीब 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और साफ-सफाई को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं।
मेले के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 7 जोन और 20 सेक्टरों में बांटा गया है। करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं 155 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी।
7 जोन और 20 सेक्टरों में बांटा गया मेला क्षेत्र
सुरक्षा व्यवस्था में 8 अपर पुलिस अधीक्षक, 38 पुलिस उपाधीक्षक, 75 निरीक्षक, 320 उप निरीक्षक और 68 महिला उप निरीक्षक शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी की दो कंपनियां और पीएसी फ्लड की दो प्लाटून भी तैनात रहेंगी।
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 2 खोया-पाया केंद्र और 6 वॉच टावर बनाए गए हैं। भीड़ की गतिविधियों पर सीसीटीवी और ड्रोन से लगातार निगरानी की जाएगी।
160 विशेष बसें चलेंगी, 50 पार्किंग स्थल तैयार
श्रद्धालुओं के आवागमन को आसान बनाने के लिए भारी वाहनों के रूट में बदलाव किया गया है। यूपी रोडवेज की ओर से 160 विशेष बसें चलाने की व्यवस्था की गई है, जबकि 40 बसों को रिजर्व रखा गया है। हर बस में दो-दो चालकों की ड्यूटी लगाई गई है।
बरसाना में अस्थायी बस स्टैंड भी तैयार किया गया है। इसके अलावा 38 होल्डिंग एरिया, 50 पार्किंग स्थल, 88 बैरियर और 14 बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। सात स्थानों पर जूता घर भी बनाए गए हैं।
12 मेडिकल कैंप, बाइक एंबुलेंस भी रहेगी तैनात
लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेला क्षेत्र में 12 मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए बाइक एंबुलेंस और अन्य एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।
सांप के काटने जैसी स्थिति में तत्काल उपचार के लिए एंटी-वेनम दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।
प्लास्टिक मुक्त रहेगा मेला क्षेत्र
प्रशासन ने बरसाना को प्लास्टिक मुक्त रखने पर भी जोर दिया है। मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था मजबूत करने के साथ नियमित कूड़ा उठाने की व्यवस्था की गई है। भंडारा संचालकों को भी कूड़ेदान रखने और कचरे का नियमित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रोशनी से सजा बरसाना, सड़कों की भी हुई मरम्मत
राधा अष्टमी को लेकर बरसाना की सड़कों को गड्ढामुक्त करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिहाज से ट्रांसफार्मर और बिजली के पोल पर प्लास्टिक रैपिंग भी की गई है।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) की ओर से फसाड लाइटिंग, वॉल पेंटिंग और कपड़ों की सजावट के जरिए बरसाना को सजाया गया है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें मिलावट के खिलाफ जांच अभियान चला रही हैं।
स्थानीय लोगों के लिए भी जारी होंगे विशेष पास
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि 19 सितंबर को श्री राधा अष्टमी पर्व भव्य रूप से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता बरसाना आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें सुगमता से श्रीजी के दर्शन कराना है।
जिलाधिकारी के मुताबिक इस बार बाहरी श्रद्धालुओं के साथ बरसाना के स्थानीय निवासियों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। स्थानीय लोगों को श्री राधारानी के दर्शन में परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष पास जारी किए गए हैं। इससे स्थानीय निवासी भी भीड़ के बीच बिना अनावश्यक परेशानी के दर्शन कर सकेंगे।







